जिले में नशा तस्करी के खिलाफ पुलिस के ऑपरेशन नीलकंठ के तहत अलग अलग थानों में कार्रवाई के तहत तीन लोगों को गिरफ्तार किया गया है। कोतवाली थाना नागौर कुचेरा थाने की टीमों ने कार्रवाई करते हुए 3 तस्करों को गिरफ्तार कर अवैध मादक पदार्थ स्मैक और MDMA जब्त की है।
नागौर: एमडीएमए के साथ दो तस्कर गिरफ्तार नागौर जिला पुलिस अधीक्षक मृदुल कच्छावा के निर्देशन में चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन नीलकंठ’ के तहत कोतवाली थाना पुलिस और डीएसटी टीम ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए कस्बे के बड़ली क्षेत्र से दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी तारू उर्फ तारूसिंह (24 वर्ष, निवासी खेडा हिरावास) और कानाराम (31 वर्ष, निवासी आंवलियासर) के कब्जे से 10.87 ग्राम अवैध मादक पदार्थ एमडीएमए (MD) बरामद किया है। तस्करी में प्रयुक्त एक बिना नंबरी बोलेरो कैंपर और एक मोटरसाइकिल भी जब्त की गई है। इस कार्रवाई का नेतृत्व उप निरीक्षक अमरचन्द और डीएसटी प्रभारी मुकेश चन्द्र ने किया।
कुचेरा: स्मैक तस्करी का वांछित आरोपी पकड़ा गया कुचेरा थाना पुलिस ने ऑपरेशन नीलकंठ के तहत बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे वांछित आरोपी मनोज पुत्र इन्द्रचंद सांसी को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ कोतवाली थाने में एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज था। उल्लेखनीय है कि 18 नवंबर 2025 को पुलिस ने आरोपी के कब्जे से 13.49 ग्राम स्मैक (हेरोइन) बरामद की थी, लेकिन उस समय आरोपी मौके पर मादक पदार्थ फेंककर फरार होने में कामयाब हो गया था। इस कार्रवाई में आरपीएस विनोद कुमार और थानाधिकारी हबीब खां की टीम शामिल रही।


