भास्कर न्यूज |लुधियाना शहर के अलग-अलग इलाकों में पुलिस ने नशा तस्करी और सेवन के मामलों में कार्रवाई करते हुए कुल पांच आरोपियों को काबू किया है। क्राइम ब्रांच ने दो नशा तस्करों को भारी मात्रा में हेरोइन के साथ गिरफ्तार किया, जबकि तीन अन्य युवकों को अलग-अलग जगहों से नशा करते पकड़ा गया। क्राइम ब्रांच की टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर थाना मेहरबान क्षेत्र में दबिश दी। इस दौरान राज मिश्रा निवासी बाजीगर मोहल्ला, मेहरबान और ऋषभ निवासी बाजड़ा कॉलोनी को गिरफ्तार किया गया। इनके कब्जे से 320 ग्राम हेरोइन, 9 हजार रुपए ड्रग मनी और 25 खाली लिफाफे बरामद किए गए। जांच अधिकारी बलजीत सिंह के अनुसार आरोपी लंबे समय से नशा तस्करी में सक्रिय थे। उधर, थाना हैबोवाल की पुलिस ने गांव हैबोवाल में पानी वाली टंकी के पास से राहुल कुमार पुत्र नरेश कुमार, निवासी संत विहार को नशा करते हुए काबू किया। वहीं थाना डिवीजन-4 की टीम ने दरेसी ग्राउंड से ऋषि नगर निवासी गोमती को नशे की हालत में गिरफ्तार किया। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत केस दर्ज कर उन्हें अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया है।


