बालाघाट जिले में चल रहे भाजपा संगठन चुनाव के दूसरे चरण में 37 मंडल अध्यक्षों में से 36 मंडल अध्यक्ष की घोषणा के दो दिन बाद भी भाजपा बालाघाट नगर मंडल अध्यक्ष का नाम घोषित नहीं कर सकी है। भाजपा के सूत्र बताते हैं कि प्रदेश के पूर्व मंत्री और भाजपा संगठन के बीच नाम को लेकर सहमति नहीं बन सकी है। दोनों ही अपने-अपने समर्थक को मंडल अध्यक्ष बनाने पर अड़े हैं। वहीं भाजपा अध्यक्ष रामकिशोर कावरे का कहना है कि नगर मंडल अध्यक्ष के विषय पर चर्चा और रायशुमारी कर मंडल अध्यक्ष के नाम की घोषणा कर दी जाएगी। दरअसल, भाजपा संगठन पर्व के तहत हो रहे चुनाव के दूसरे चरण में जिले के 37 मंडलों में से भाजपा 36 मंडलों के नाम की घोषणा कर चुकी है, जिसमें विधायक और पूर्व विधायकों के समर्थकों को मंडल अध्यक्ष बनाया गया, लेकिन भाजपा के बालाघाट नगर मंडल अध्यक्ष पद के नाम पर सहमति नहीं बन सकी। बताया जा रहा है कि दोनों ही गुट ने भाजपा नगर मंडल अध्यक्ष पद के लिए महिला का नाम आगे बढ़ाया है, लेकिन दोनों ही किसी एक महिला के नाम पर सहमति नहीं जता रहे।


