अलवर के धोलागढ़ थाना अंतर्गत बसेठ गांव के समीप दो बाइकों की भिड़ंत में एक 70 साल के बुजुर्ग महिला की मौत हो गई। मृतका की पहचान मालाखेड़ा के चोमू केरवा निवासी रेशम देवी पत्नी बस्तीराम जाटव के रूप में हुई है। बुजुर्ग रेशम देवी अपने दामाद के साथ बेटी के घर बसेठ जा रही थीं। गांव से कुछ दूरी पर ही एक तेज रफ्तार बाइक ने पीछे से उनकी बाइक को टक्कर मार दी। हादसे में रेशम देवी गंभीर रूप से घायल हो गईं। परिजन उन्हें तुरंत धोलागढ़ के सामान्य चिकित्सालय लेकर पहुंचे, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर धोलागढ़ थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्ट मार्टम के लिए अलवर भेजा। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। घटना के बाद परिजनों में शोक है।


