दो माह से सड़क को उखाड़कर छोड़ा वाहन चालक व ग्रामीणों को परेशानी

उप तहसील दतवास में जयपुर से सवाई माधोपुर को जोड़ने वाली मुख्य सड़क को ठेकेदार द्वारा करीब दो माह पहले उखाड़कर छोड़ देने से वाहन चालकों और ग्रामीणों की मुश्किलें बढ़ गई हैं। लगभग दो माह पूर्व सड़क निर्माण कार्य की शुरुआत की गई थी, लेकिन इसके बाद काम अधर में छोड़ दिया गया। तब से सड़क की स्थिति जस की तस बनी हुई है। सड़क उखड़ी होने के कारण न तो पैदल चलना आसान है और न ही वाहनों का सुचारु आवागमन हो पा रहा है। प्रतिदिन स्कूली बच्चों, बुजुर्गों और वाहन चालकों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। मोहन राणा, राधा कृष्ण राणा, रमेश राणा, दयाल छतवानी, राधामोहन गोयल, सावल राम मीणा, मूलचंद महावर, चिरंजी लाल महावर ने कहा कि ठेकेदार ने निर्माण कार्य शुरू तो किया, लेकिन किसी कारणवश उसे अधूरा छोड़कर चला गया। बेमौसम बारिश होने पर सड़क पर कीचड़ भर जाता है, जिससे फिसलने के कारण कई लोग चोटिल भी हो चुके हैं। इसके बावजूद न तो संबंधित विभागीय अधिकारी और न ही जनप्रतिनिधि इस ओर ध्यान दे रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि शीघ्र ही निर्माण कार्य दोबारा शुरू नहीं कराया गया तो वे सड़क जाम कर विरोध प्रदर्शन करेंगे। लोगों का यह भी आरोप है कि सड़क निर्माण के दौरान कुछ मकानों के हिस्से और चबूतरे भी तोड़े गए थे। शीघ्र सड़क का निर्माण पूरा कराया जाए। ताकि ग्रामीण अपने टूटे मकानों की मरम्मत कर सकें।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *