भास्कर न्यूज | जामताड़ा जामताड़ा विधायक और वर्तमान में प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी ने 21 दिसंबर 2022 को नारायणपुर बाजार में हाई मास्ट लाइट का उद्घाटन किया था। उस समय मंत्री ने इसकी खूब सराहना की थी। स्विच ऑन कर बाजार को दूधिया रोशनी से नहला दिया था। अब वही हाई मास्ट लाइट बीते तीन-चार महीने से खराब पड़ी है। बाजार फिर अंधेरे में डूब गया है। हाई मास्ट लाइट के जल्दी खराब हो जाने से बाजार में तरह-तरह की चर्चा हो रही है। नारायणपुर बाजार के दुकानदारों ने बताया कि हाई मास्ट के हैलोजन पूरी तरह से काम करना बंद कर चुके हैं। ग्रामीणों ने आरोप लगाया कि संवेदक ने घटिया सामग्री लगाई थी। अब तक उसे ठीक कराने भी नहीं आया है। जानबूझकर घनी आबादी वाले इलाके में घटिया क्वालिटी की लाइट लगाई गई, जो कुछ महीनों में ही खराब हो गई। रात में होती है परेशानी, पसर जाता है संन्नाटा स्थानीय लोग, जो कल तक हाई मास्ट लाइट की तारीफ करते नहीं थकते थे, अब नाराजगी जता रहे हैं। लोगों ने बताया कि जामताड़ा विधायक और मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी तक भी इस खराबी की जानकारी पहुंचाई गई है। इसके बावजूद अब तक लाइट ठीक नहीं कराई गई है। दुकानदारों, राहगीरों और ग्रामीणों को रात में भारी परेशानी हो रही है। नारायणपुर बाजार वासियों ने मांग की है कि मंत्री डॉक्टर इरफान अंसारी संवेदक से बात कर अच्छे क्वालिटी की हाई मास्ट लाइट लगवाएं। लोगों ने कहा कि मीडिया के माध्यम से इस बात को प्रचारित किया जाए ताकि भविष्य में घटिया सामग्री लगाने का विरोध हो सके।


