दौसा जिला न्यायालय परिसर में शुक्रवार को अभिभाषक संघ द्वारा होली स्नेह मिलन समारोह आयोजित किया गया। जहां अधिवक्ताओं और न्यायिक अधिकारियों ने एक-दूसरे पर जमकर पुष्प वर्षा कर फूलों की होली खेली। साथ ही होली के गीतों पर ठुमके लगाए। जिला एवं सेशन न्यायाधीश केशव कौशिक ने कहा कि होली का पर्व पवित्र त्यौहार है और लोग इसे बड़े उत्साह के साथ मनाते हैं। इससे भाईचारा और सदभाव की भावना मजबूत होती है। उन्होंने सभी को होली की शुभकामनाएं दी। बार एसोसिएशन के अध्यक्ष कुंज बिहारी शर्मा ने कहा कि होली रंगों, प्रेम और आपसी भाईचारे का उत्सव है। इसका उद्देश्य सभी लोगों को एक साथ लाकर आपसी संबंधों को मजबूत करना होता है। इस दौरान एडीजे रविकांत सोनी, एडीजे एसटी/एससी कोर्ट बृजेश शर्मा सहित अन्य न्यायिक अधिकारी, जिला अभिभाषक संघ के पदाधिकारी व अन्य अधिवक्ता मौजूद रहे। स्नेह मिलन समारोह सौहार्द और उल्लास के वातावरण में संपन्न हुआ।


