दौसा में ऑल इंडिया फुटबॉल टूर्नामेंट का रविवार दोपहर को आगाज हुआ। इस दौरान उद्घाटन मैच पंजाब और चंडीगढ़ की टीमों के बीच खेला गया। किला सागर स्थित श्रीजय भवानी स्पोर्ट्स क्लब मैदान में देशभर की टीमों के बीच 28 फरवरी तक मुकाबले होंगे। उद्धघाटन कार्यक्रम में भाजपा नेता जगमोहन मीणा, एसपी सागर राणा, एएसपी हेमंत कलाल, एडीएम अरविन्द शर्मा व टूर्नामेंट कमेटी अध्यक्ष लोकेश शर्मा ने खिलाड़ियों का परिचय लिया। खेलों से जिले को मिलेगी नई पहचान भाजपा नेता जगमोहन मीणा ने कहा कि यह फुटबॉल टूर्नामेंट खेल प्रेमियों के लिए रोमांचक मुकाबलों का मंच बनेगा। इसके माध्यम से राष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों को अपनी प्रतिभा प्रदर्शित करने का अवसर मिलेगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को भी प्रेरणा मिलेगी। युवाओं को खेलों से जोड़ेंगे एसपी सागर राणा ने कहा कि खेलों शारीरिक व मानसिक विकास होता है। पंच गौरव के तहत एक जिला – एक खेल से जिले को राष्ट्रीय खेल मानचित्र पर एक नई पहचान मिलेगी। जिला परिषद सीईओ बिरदीचंद गंगवाल ने बताया कि इस पहल का उद्देश्य युवाओं को खेलों से जोड़ना, प्रतिभाओं को पहचान देना है। इस दौरान क्लब अध्यक्ष राजेश डगलाव समेत अन्य पदाधिकारी मौजूद रहे। ये टीमें शामिल होंगी टूर्नामेंट में मां कामाख्या (पटना), गढ़वाल क्लब (देहरादून), एक्वा क्लब (रांची), वेस्टर्न रेलवे (रतलाम), एफसीआई (दिल्ली), किराड़ स्टार (हैदराबाद), जेबीएम यूनाइटेड (कोल्हापुर), घोसी ब्रदर्स (इंदौर), संधू क्लब (चंडीगढ़), नोएडा एफसी (हरियाणा सिटी), राम मोहम्मद सिंह आजाद क्लब (बांदीकुई), डीएफए दौसा एवं मेजबान श्री जय भवानी स्पोर्ट्स क्लब की टीमें भाग लेंगी।


