दौसा जिले से गुजर रहे जयपुर-आगरा नेशनल हाईवे पर यात्रियों से भरी बस पलट गई। हादसा बीती देर रात मेहंदीपुर बालाजी थाना क्षेत्र में आंतरहेड़ा गांव के पास हुआ। हादसे में एक दर्जन यात्रियों को चोट आई है, जबकि एक अन्य गंभीर घायल को हायर सेंटर रैफर किया गया है। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है। पुलिस ने बताया- दिल्ली से कई परिवारों के दो दर्जन लोग नए साल पर दर्शनों के मेहंदीपुर बालाजी आ रहे थे कि आंतरहेड़ा गांव के पास उनकी बस अनियंत्रित होकर पलट गई। इससे बस में सवार यात्रियों में चीख-पुकार मच गई। सूचना पर पहुंची बालाजी थाना पुलिस ने क्रेन की सहायता से घायलों को निकालकर इलाज के लिए महवा अस्पताल में भर्ती कराया। हादसे में रामफूल, अयोध्या प्रसाद, मिथिलेश, ध्रुव, विजय सिंह, सियाराम, पीयूष, आयुषी , पालोमी, रानी, मधु, जाह्नवी महक, वेंकटेश, विद्या त्रिपाठी हिमांशु व राघवेंद्र त्रिपाठी निवासी दिल्ली समेत कई अन्य घायल हो गए। जिनमें से रामफूल को गंभीर हालात में रैफर किया गया है। साथ ही कई घायल प्राथमिक इलाज के बाद दिल्ली रवाना हो गए। जबकि कई अन्य का महवा अस्पताल में इलाज चल रहा है। पुलिस ने बताया कि रात करीब 11 बजे हादसे के दौरान बारिश हो रही थी। ऐसे में कारणों का स्पष्ट तौर पर पता नहीं चला है, लेकिन संभवतया किसी वाहन या पशु को बचाने के प्रयास में बस अनियंत्रित होकर पलट गई। पुलिस हादसे के कारणों की जांच में जुटी है।


