भास्कर न्यूज | जालंधर बहुजन समाज पार्टी ने शुक्रवार को आप सरकार की कथित दलित विरोधी नीतियों के खिलाफ एसएसपी देहाती कार्यालय के बाहर प्रदर्शन किया। करीब 5 घंटे तक चले धरने में सरकार व पुलिस प्रशासन के खिलाफ नारेबाजी की गई। बसपा के स्टेट कोऑर्डिनेटर तीरथ राजपुरा और स्टेट जनरल सेक्रेटरी एडवोकेट बलविंदर कुमार ने आरोप लगाया कि सरकार के चार साल के कार्यकाल में दोआबा क्षेत्र में दलितों पर कई बार लाठीचार्ज किए गए और झूठे केस दर्ज कर उन्हें परेशान किया जा रहा है। नेताओं ने आरोप लगाया कि अपने अधिकारों के लिए आवाज उठाने वाले एससी छात्रों पर कार्रवाई की गई, सायपुर और फिल्लौर के धुलेता गांव में विरोध कर रहे लोगों को गिरफ्तार किया गया। उन्होंने कहा कि सुरजा गांव समेत कई क्षेत्रों में भी दलित परिवारों को परेशान किया गया है। नेताओं ने चेतावनी दी कि जल्द पार्टी राज्यभर में बड़ा आंदोलन करेगी। धरने के दौरान प्रदेश सचिव इंजीनियर जसवंत राय, जिला अध्यक्ष सलविंदर कुमार समेत कई पदाधिकारी मौजूद रहे। मौके पर पहुंचे पुलिस अधिकारियों ने निष्पक्ष जांच और न्याय का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब पांच घंटे बाद धरना शांतिपूर्वक समाप्त कर दिया गया।


