धनबाद स्थित सदर थाना क्षेत्र के रांगाटांड स्थित शांति टावर में शनिवार सुबह आग लगने की बड़ी घटना हुई। सुबह करीब 9:30 बजे ग्राउंड फ्लोर पर स्थित श्याम पूजा भंडार में अचानक धुआं उठता देख लोगों को इसकी जानकारी मिली। देखते ही देखते पूरे इलाके में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। लोगों ने किया आग बुझाने का प्रयास स्थानीय लोगों ने बताया कि दुकान मंटू गोस्वामी की है। आग लगने की सूचना मिलते ही आस-पास के लोग मौके पर पहुंचे और आग बुझाने का प्रयास करने लगे। हालांकि आग तेज होने के कारण तुरंत अग्निशमन विभाग को सूचना दी गई। करीब 10 बजे दमकल की तीन गाड़ियां मौके पर पहुंची और आग बुझाने का काम शुरू किया। लगातार धुआं बाहर निकलता रहा अग्निशमन विभाग के कर्मी लक्ष्मण प्रसाद ने बताया कि दुकान बेसमेंट में होने के कारण आग पर काबू पाने में काफी मशक्कत करनी पड़ी। लगातार धुआं बाहर निकलता रहा, लेकिन टीम ने घंटों की कोशिश के बाद आग पर पूरी तरह से नियंत्रण कर लिया गया। स्थानीय लोगों ने बताया कि आग लगने से दुकान में रखा सामान जलकर खाक हो गया है। त्योहारों के नजदीक आने की वजह से इस घटना को एक बड़ी आर्थिक क्षति माना जा रहा है। हालांकि आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है।


