धनबाद के गोविंदपुर थाना क्षेत्र में एक दर्दनाक सड़क हादसा हुआ। गोविंदपुर-साहेबगंज सड़क पर पाथुरिया के पास तेज रफ्तार ट्रेलर ने 27 वर्षीय पेंटर दीनबंधु कुम्हार को कुचल दिया। जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। दुर्घटना के समय दीनबंधु मोटरसाइकिल से अपने दैनिक काम के लिए धनबाद जा रहा था।गाड़ी चलाते वक्त वह हेलमेट पहने हुए थे, लेकिन ट्रेलर का चक्का चढ़ जाने से सिर बूरी तरह कुचल गया। स्थानीय लोगों में आक्रोश, किया सड़क जाम घटना के बाद स्थानीय ग्रामीणों में भारी आक्रोश है। उन्होंने शव को सड़क पर रखकर विरोध प्रदर्शन शुरू कर दिया और सड़क को जाम कर दिया। ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में की गई लापरवाही इस तरह की दुर्घटनाओं का मुख्य कारण है। मृतक के परिजनों ने सड़क निर्माण विभाग पर मनमानी का आरोप लगाते हुए मुआवजे की मांग की है। साथ ही, ट्रेलर चालक की तत्काल गिरफ्तारी की मांग भी की गई है। सड़क निर्माण में अनियमितता हादसे की वजह गोविंदपुर थाना प्रभारी मोहम्मद रुस्तम ने अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचकर स्थिति को नियंत्रित करने का प्रयास किया। प्रशासन ने दोषी चालक की शीघ्र गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया है। स्थानीय लोगों का कहना है कि क्षेत्र में तेज रफ्तार वाहनों और सड़क निर्माण की खामियों के कारण दुर्घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं, जिस पर तत्काल रोक लगाई जानी चाहिए।


