धनबाद में नाले से अधेड़ का शव बरामद:दो दिन से लापता थे आफताब, फिसलकर गिरने से मौत की आशंका

धनबाद के बैंक मोड़ थाना क्षेत्र स्थित पंडरपाला में रविवार सुबह उस वक्त सनसनी फैल गई, जब राजेंद्र ग्राउंड के पास एक नाले से अधेड़ व्यक्ति का शव बरामद हुआ। सुबह टहलने निकले स्थानीय लोगों की नजर नाले में पड़े शव पर पड़ी, जिसके बाद इलाके में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तुरंत इसकी सूचना बैंक मोड़ थाना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को नाले से बाहर निकाला। प्रारंभिक जांच के दौरान मृतक की पहचान पंडरपाला निवासी आफताब खान (करीब 45 वर्ष) के रूप में हुई। पहचान की पुष्टि होते ही पुलिस ने परिजनों को सूचित किया। दो दिनों से घर से थे लापता, मानसिक स्थिति थी अस्वस्थ मृतक के छोटे भाई अनवर खान ने बताया कि आफताब खान की मानसिक स्थिति लंबे समय से ठीक नहीं थी और उनका इलाज चल रहा था। वह अक्सर घर से बिना बताए निकल जाते थे और इधर-उधर भटकते रहते थे। परिजनों के अनुसार, आफताब पिछले दो दिनों से घर नहीं लौटे थे, जिससे परिवार चिंतित था। स्थानीय लोगों ने भी बताया कि उन्हें कई बार आसपास भटकते देखा गया था। घटना की जानकारी मिलते ही परिजन मौके पर पहुंचे और शव की पहचान की। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट से होगा मौत के कारणों का खुलासा मामले की जांच कर रहे एसआई सुनील कुमार रवि ने बताया कि राजेंद्र ग्राउंड के पास नाले में शव मिलने की सूचना पर कार्रवाई की गई। प्रथम दृष्टया आशंका है कि आफताब भटकते हुए नाले की ओर चले गए होंगे और संभवतः फिसलकर गिरने से उनकी मौत हो गई। हालांकि पुलिस हर पहलू से जांच कर रही है। शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगा। फिलहाल क्षेत्र में शोक का माहौल है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *