धनबाद के धनसार थाना क्षेत्र के गांधी नगर में बड़ी चोरी की घटना सामने आई है। चोरों ने एक बंद घर को निशाना बनाकर सोने-चांदी के आभूषण, पीतल के बर्तन और अन्य कीमती सामान समेत करीब 13 से 15 लाख रुपए का माल उड़ा लिया। घटना के समय घर के मालिक भोला सिंह दिल्ली में दिल का इलाज कराने गए थे, जबकि उनका छोटा बेटा रांची में चाचा के इलाज के लिए गया हुआ था। दिल्ली-रांची में थे घरवाले, खाली घर बना निशाना जानकारी के मुताबिक भोला सिंह के चाचा को हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें रांची रिम्स रेफर किया गया था। इसी कारण उनका छोटा बेटा भी रांची चला गया। जब भोला सिंह घर लौटे तो देखा कि मुख्य गेट का ताला टूटा हुआ है और घर के अंदर का सामान बिखरा पड़ा है। जांच में पता चला कि घर से सोने-चांदी के आभूषण और पीतल के बर्तन चोरी हो गए हैं। CCTV और DVR भी चुरा ले गए चोर पीड़ित के दामाद अविनाश कुमार सिंह ने बताया कि चोरों ने घर में लगे CCTV कैमरों को तोड़ दिया और DVR मशीन भी अपने साथ ले गए ताकि फुटेज नष्ट हो जाए। उन्होंने पुलिस गश्ती व्यवस्था पर सवाल उठाते हुए कहा कि घर सड़क किनारे है, जहां से रोजाना पुलिस पेट्रोलिंग करती है, फिर भी इतनी बड़ी वारदात हो गई। चोरी की सूचना डायल 100 पर दी गई और धनसार थाना में आवेदन देकर कार्रवाई की मांग की गई। पुलिस ने शुरू की जांच, संदिग्धों की तलाश सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। धनसार थाना प्रभारी मनोहर करमाली ने बताया कि चोरी की सूचना प्राप्त होते ही टीम को कार्रवाई में लगाया गया है। पुलिस को संदेह है कि हाल ही में जेल से बाहर आए विवेक मंडल और विकास चोरा इस वारदात में शामिल हो सकते हैं। दोनों इससे पहले भी चोरी के मामलों में जेल जा चुके हैं और रिहा होने के बाद इलाके में दो और चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं। लगातार बढ़ रही चोरी की घटनाएं, लोगों में दहशत इस वारदात के बाद गांधी नगर और आसपास के क्षेत्रों में लोगों के बीच दहशत का माहौल है। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से लोग परेशान हैं और पुलिस से गश्ती बढ़ाने की मांग कर रहे हैं। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि जल्द ही चोरों को पकड़ा जाएगा और चोरी का सामान बरामद किया जाएगा। वहीं, स्थानीय लोग चाहते हैं कि इलाके में सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत किया जाए ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाएं न हों।