धनबाद में रातों-रात साफ हुई ज्वेलरी शॉप:दीवार तोड़ ज्वेलरी शॉप से 10 लाख की चोरी, CCTV देख तलाशे जा रहे चोर

धनबाद जिले के तोपचांची थाना क्षेत्र में बेखौफ चोरों ने एक बड़ी वारदात को अंजाम देते हुए ज्वेलरी दुकान से करीब 10 लाख रुपए मूल्य के सोने-चांदी के आभूषण उड़ा लिए। घटना कोटालअड्डा चौक स्थित रोशन ज्वेलर्स में बीती रात हुई। अज्ञात चोर दुकान के पीछे की दीवार में सेंधमारी कर अंदर दाखिल हुए। इसके बाद काउंटर व अलमारियों में रखे कीमती गहनों पर हाथ साफ कर फरार हो गए। सुबह जब दुकानदार रोजाना की तरह दुकान खोलने पहुंचे तो अंदर का नजारा देख सन्न रह गए। सामान बिखरा पड़ा था और कई ट्रे व बॉक्स खाली मिले। दुकानदार ने तत्काल इसकी सूचना पुलिस को दी। प्रारंभिक अनुमान के मुताबिक करीब 10 लाख रुपए के आभूषण चोरी हुए हैं, हालांकि वास्तविक नुकसान का आकलन स्टॉक मिलान के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है। पुलिस जांच में जुटी, सीसीटीवी फुटेज खंगाल रही घटना की सूचना मिलते ही तोपचांची थाना पुलिस मौके पर पहुंची और छानबीन शुरू कर दी। दुकान के आसपास और मुख्य सड़क पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाली जा रही है, ताकि संदिग्धों की पहचान की जा सके। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण कर फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने की भी प्रक्रिया शुरू की है। आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि कोटालअड्डा इलाके में पूर्व में भी चोरी की घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन ठोस कार्रवाई नहीं होने से अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। व्यापारियों ने प्रशासन से मांग की है कि बाजार क्षेत्र में रात्रि गश्त बढ़ाई जाए और संदिग्ध गतिविधियों पर सख्ती से नजर रखी जाए। पुलिस अधिकारियों ने भरोसा दिलाया है कि मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है और जल्द ही अपराधियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *