धनबाद–बोकारो मुख्य मार्ग पर बुधवार की सुबह एक सड़क हादसे में 55 वर्षीय जगदीश सिंह की मौत हो गई। हादसा केंदुआ बाजार स्थित श्रीराम टी स्टाल के पास हुआ। केंदुआ निवासी जगदीश सिंह सड़क पार कर रहे थे। इसी दौरान एक तेज रफ्तार और अनियंत्रित हाइवा ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर से वे सड़क पर गिर पड़े और मौके पर ही उनकी मौत हो गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, हाइवा की रफ्तार बहुत तेज थी। टक्कर के बाद मौके पर अफरातफरी मच गई। लोग तुरंत मौके पर जुट गए। रोड के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई हादसे की खबर फैलते ही स्थानीय लोग आक्रोशित हो उठे। उन्होंने मुआवजे की मांग को लेकर धनबाद-बोकारो मुख्य मार्ग पर जाम लगा दिया। इस दौरान दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई। यातायात पूरी तरह ठप हो गया। राहगीरों और यात्रियों को घंटों परेशानी का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि इस मार्ग पर आए दिन तेज रफ्तार से बड़े-बड़े हाइवा और ट्रक गुजरते हैं। इस सड़क से रोजाना सैकड़ों लोग पैदल गुजरते हैं। बावजूद इसके, प्रशासन की ओर से रफ्तार नियंत्रण या सुरक्षा के कोई ठोस उपाय नहीं किए गए हैं।