जिले के धनूरी थाना क्षेत्र में रोडवेज बस को रोककर चालक-परिचालक के साथ मारपीट करने और सरकारी संपत्ति को नुकसान पहुँचाने के मामले में पुलिस ने बड़ी कार्रवाई की है। प्रकरण के मुख्य आरोपी मोहम्मद इमरान को गिरफ्तार कर लिया है। मामले की गंभीरता को देखते हुए थानाधिकारी संजय गौतम के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। पुलिस ने आरोपी के संभावित ठिकानों पर दबिश दी। मुखबिरों और तकनीकी साक्ष्यों की मदद से पुलिस ने मुख्य आरोपी को नामजद किया। मोहम्मद इमरान (26) पुत्र मुबारिक अली, निवासी नया बास, धनूरी को गिरफ्तार कर लिया। यह था मामला यह घटना 25 फरवरी 2026 की रात की है। झुंझुनूं आगार के परिचालक सुनील कुमार सिहाग जयपुर से जालंधर की ओर जा रही बस लेकर धनूरी बस स्टैंड पहुंचे थे। रात करीब 8:00 बजे, कुछ असामाजिक तत्वों ने सड़क के बीचों-बीच गाड़ी और मोटरसाइकिल लगाकर बस का रास्ता रोक लिया। परिवादी के अनुसार, करीब 100 अज्ञात लोगों की भीड़ ने बस को घेर लिया। हमलावरों ने न केवल परिचालक और चालक के साथ अभद्रता और मारपीट की, बल्कि बस के शीशे तोड़कर सरकारी संपत्ति को भी भारी नुकसान पहुंचाया।


