बड़वानी के पाटी नाका क्षेत्र में घर में धन की बारिश कराने झांसा देकर युवक से चार लाख रुपए ठग लिए। धर्मांतरण का दबाव बनाकर जान से मारने की धमकी भी दी। कोतवाली पुलिस ने युवक की शिकायत पर आरोपी आसिफ शेख को गिरफ्तार किया है। आरोपी के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता 2023, अनुसूचित जाति एवं अनुसूचित जनजाति (अत्याचार निवारण) अधिनियम और मध्यप्रदेश धार्मिक स्वतंत्रता अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर जांच की। आरोपी ने तांत्रिक के झांसे में पड़कर चार लाख रुपए ठगे पुलिस के अनुसार, पीड़ित की पहचान आरोपी से पाटी नाका क्षेत्र में हुई थी। आरोपी ने खुद को तांत्रिक क्रियाओं में माहिर बताते हुए काले जादू से घर में धन-वर्षा कराने और जीवन की परेशानियां दूर करने का भरोसा दिलाया। आरोपी की बातों में आकर पीड़ित ने अलग-अलग समय पर नकद और ऑनलाइन माध्यम से कुल करीब 4 लाख रुपए उसे दिए। शिकायत में बताया गया है कि आरोपी ने तांत्रिक प्रक्रिया के नाम पर कुछ कपड़े में बांधकर घर में रखने और बाद में नर्मदा नदी में बहाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही दिल्ली से आए कुछ कागजात भी नदी किनारे जलवाए। आरोपी ने इन सभी गतिविधियों को विशेष साधना का हिस्सा बताया था। जानिए पूरा घटनाक्रम जून 2025 में पाटी नाका स्थित पान दुकान पर पीड़ित की मुलाकात आसिफ शेख से हुई, जो धीरे-धीरे दोस्त बन गया। आसिफ ने काले जादू से धन वर्षा कराने का झांसा देकर भरोसा जीत लिया और शराब व सिगरेट के जरिए मुझसे मिलता रहा, अपने प्रभाव में रखा। उसने दिल्ली के एक कथित हजरत का हवाला देकर अलग-अलग बहानों से पीड़ित से नगद व ऑनलाइन पैसे लिए। आसिफ ने रहने-खाने की व्यवस्था भी पीड़ित से करवाई और तांत्रिक प्रक्रिया के नाम पर वस्तुएं घर में रखवाकर नदी में बहाने व कागज जलाने को कहा। बाद में उसने धन वर्षा में बाधा बताकर पीड़ित की मां को नुकसान पहुंचाने की बात कही। पीड़ित को इस्लाम धर्म अपनाने का दबाब बनाया कुछ समय बाद आरोपी का व्यवहार बदल गया। शिकायत के अनुसार, आरोपी ने पीड़ित पर इस्लाम धर्म स्वीकार करने का दबाव बनाना शुरू कर दिया। आरोपी व्हाट्सएप पर धार्मिक आयतों की तस्वीरें भेजकर तड़के सुबह उन्हें पढ़ने का दबाव बनाता था। कई बार मौखिक रूप से भी धर्म परिवर्तन के लिए कहा गया। देखिए तस्वीरें… आरोपी ने मां को जान से मारने की धमकी दी जब पीड़ित ने इंकार किया, तो आरोपी ने उसकी मां को जान से मारने की धमकी दी और लगातार डराने-धमकाने लगा। हाल ही में आरोपी ने फिर से धर्म परिवर्तन की बात कही। मना करने पर आरोपी ने गाली-गलौज की और जब पीड़ित ने अपने रुपए वापस मांगे तो उसे धमकियां दी गई। इसके बाद पीड़ित ने अपने परिचितों के साथ थाने पहुंचकर मामले की शिकायत दर्ज कराई। तांत्रिक झांसे, धमकी, धर्मांतरण मामले की जांच जारी कोतवाली टीआई बलजीत सिंह बिसेन ने बताया कि प्राप्त शिकायत के आधार पर संबंधित धाराओं में प्रकरण दर्ज किया गया है। मामले में तांत्रिक झांसे, आर्थिक लेन-देन, धमकी और धर्मांतरण से जुड़े सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। डिजिटल साक्ष्य और लेन-देन की जानकारी जुटाई जा रही है। जांच के आधार पर आगे वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए जांच प्रारंभ कर दी है और आरोपी की भूमिका की विस्तृत जांच की जा रही है।


