छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर के सुंदरगंज वार्ड में पिछले 15 दिनों से पानी की गंभीर समस्या बनी हुई है। वार्ड के निवासियों को पानी के लिए रोजाना दूर-दूर जाना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों के मुताबिक, घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। पानी भरने के लिए उन्हें टंकी तक जाना पड़ता है, जहां भी उचित व्यवस्था नहीं है। इससे लोगों के बीच पानी भरने को लेकर अक्सर विवाद होते रहते हैं। प्रभावित लोगों का कहना है कि पार्षद को समस्या बताई गई बावजूद इसके पार्षद नहीं आए। बारिश के कारण बढ़ी गंदगी वार्ड की एक निवासी मोना मानिकपुरी ने बताया कि वे पिछले दो महीनों से पानी की समस्या से जूझ रही हैं। लेकिन पिछले 15 दिनों से स्थिति और भी गंभीर हो गई है। उन्होंने बताया कि वार्ड में सफाई की भी समस्या है। बारिश के कारण गंदगी बढ़ गई है, जिससे खाना बनाना भी मुश्किल हो रहा है। शिकायत के बाद भी पार्षद ने नहीं दिया ध्यान कई महिलाओं ने बताया कि उन्होंने अपने घरों में गाय और भैंस पाल रखे हैं। पशुओं के लिए भी पानी की व्यवस्था करना एक बड़ी चुनौती बन गया है। उन्हें बोर से पानी लाना पड़ रहा है क्योंकि नल से घरों तक पानी नहीं पहुंच रहा है। वार्डवासियों का आरोप है कि उन्होंने कई बार वार्ड पार्षद से इस समस्या की शिकायत की है। लेकिन पार्षद ने इस ओर कोई ध्यान नहीं दिया है। लोगों का कहना है कि चुनाव के समय पार्षद वोट मांगने आए थे, लेकिन अब समस्या के समय वे वार्ड में झांकने तक नहीं आते। समस्या के जल्द समाधान की मांग स्थानीय निवासियों ने बताया कि पानी की समस्या के कारण उनके घरेलू काम भी प्रभावित हो रहे हैं। पानी भरने में काफी समय लग जाता है। इस समस्या का समाधान जल्द से जल्द होने की मांग वार्डवासी कर रहे हैं।