भास्कर न्यूज | धमतरी धमतरी ब्लाक के छाती स्थित आंगनबाड़ी केंद्र-2 में सेक्टर झिरिया, धमतरी ग्रामीण परियोजना के तहत सुपोषण चौपाल का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का उद्देश्य गर्भवती एवं शिशुवती महिलाओं, बच्चों तथा समुदाय को पोषण, स्वास्थ्य और स्वच्छता के प्रति जागरूक करना रहा। कार्यक्रम के दौरान 21 बच्चों को गणवेश का वितरण किया गया। गर्भवती महिलाओं के सम्मान और पोषण जागरूकता के उद्देश्य से गर्भवती टिकेश्वरी कंवर एवं खोमिन यादव का पारंपरिक गोदभराई कार्यक्रम संपन्न कराया गया। गर्भवती महिलाओं के मानसिक और शारीरिक स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए योगासन के महत्व पर विशेष चर्चा की गई। उन्हें नियमित योग और प्राणायाम के लाभ बताकर सरल प्राणायाम अभ्यास भी कराया गया, जिससे गर्भावस्था के दौरान तनाव कम करने, श्वसन क्षमता बढ़ाने और मानसिक संतुलन बनाए रखने में सहायता मिल सके। साथ ही टीकाकरण, सही खानपान तथा रेडी-टू-ईट पोषण आहार के उपयोग के बारे में पर्यवेक्षक तारकेश्वरी साहू द्वारा विस्तृत जानकारी दी गई। उन्होंने संतुलित आहार, आयरन-फोलिक एसिड की महत्ता, समय पर टीकाकरण और स्वच्छता के महत्व पर जोर दिया। कार्यक्रम में उपसरपंच रमेश यादव, वार्ड पंच टिकेश्वरी चंद्राकर, सुमित्रा ढीमर, भोज कुमार, आंगनबाड़ी कार्यकर्ता तामेश्वरी देशलहरे, मीना दिली, हीरामती आदि उपस्थित थे। केंद्र में मिलने वाली सुविधाओं की जानकारी दी: कार्यक्रम के दौरान महिलाओं ने आंगनबाड़ी केंद्र से मिलने वाली सेवाओं और सुविधाओं के बारे में अपने अनुभव साझा किए। महिलाओं ने पोषण आहार, स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और बच्चों की प्रारंभिक शिक्षा से जुड़े प्रयासों की सराहना की। इसके बाद भोज का आयोजन हुआ। महिलाओं ने पौष्टिक भोजन ग्रहण किया। कार्यक्रम के सफल आयोजन में सुपोषण चौपाल के माध्यम से ग्राम छाती में पोषण, स्वास्थ्य और सामाजिक सहभागिता को लेकर सकारात्मक संदेश गया।


