धमतरी में आंगनबाड़ी भवन के निर्माण पर विवाद:10 लाख में पुराने ढांचे पर नया निर्माण, भ्रष्टाचार का आरोप; नए सिरे से बनाने की मांग

छत्तीसगढ़ के धमतरी में आंगनबाड़ी निर्माण को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। यहां 10 लाख रुपए की लागत से आंगनबाड़ी का निर्माण कार्य चल रहा है। स्थानीय लोगों का आरोप है कि पुराने भवन की नींव और दीवारों पर ही नया ढांचा खड़ा किया जा रहा है। निर्माण की गुणवत्ता को लेकर सवाल उठाते हुए स्थानीय नागरिकों ने शिकायत दर्ज कराई है। उनकी मांग है कि मौजूदा निर्माण को रोककर नए सिरे से भवन का निर्माण किया जाए। इस पूरे मामले में भ्रष्टाचार के आरोप भी लगाए गए हैं। आयुक्त ने इस विवाद पर स्पष्ट किया है कि जितना कार्य होगा, उतना ही भुगतान किया जाएगा। निर्माण की गुणवत्ता और नियमों के पालन की जांच की जाएगी। पुराने ढांचे पर बन रहा आंगनबाड़ी भवन, निर्माण पर उठे सवाल
दरअसल, धमतरी नगर निगम द्वारा सुंदरगंज वार्ड में बनाए जा रहे आंगनबाड़ी भवन को लेकर विवाद खड़ा हो गया है। महिला एवं बाल विकास विभाग और डीएमएफ की ओर से इस निर्माण के लिए 10 लाख रुपये स्वीकृत किए गए हैं। लेकिन आरोप है कि भवन एक पुराने, जर्जर हो चुके गार्डन की संरचना पर ही तैयार किया जा रहा है, जिसे नगर निगम ने करीब 10-12 साल पहले बनवाया था। स्थानीय लोगों का कहना है कि वर्तमान निर्माण में पुराने गार्डन की नींव, दीवारें और कॉलम का ही इस्तेमाल किया जा रहा है, जिससे भवन की मजबूती पर सवाल उठ रहे हैं। शिकायतकर्ताओं का कहना है कि यदि आधा ढांचा पहले से ही मौजूद है, तो 10 लाख रुपए का बजट किस आधार पर स्वीकृत किया गया है। उनका यह भी आरोप है कि आंगनबाड़ी भवन का निर्माण तय मानकों के अनुसार नहीं हो रहा है और यह पूरा मामला भ्रष्टाचार की ओर इशारा करता है। नगर निगम आयुक्त प्रिया गोयल ने बताया कि निर्माण कार्य का भुगतान उसी हिस्से के लिए किया जाएगा, जितना कार्य वास्तविक रूप से हुआ है। वहीं, पुराने ढांचे पर निर्माण के मामले की जांच कर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *