छत्तीसगढ़ के धमतरी शहर में डेढ़ साल से बंद पड़े 18 सीसीटीवी कैमरे फिर से चालू कर दिए गए हैं। अधिकारियों की लापरवाही और उदासीनता के कारण ये कैमरे निष्क्रिय पड़े थे, जिससे शहर की निगरानी व्यवस्था प्रभावित हो रही थी। इन कैमरों के बंद रहने से सड़क सुरक्षा पर भी असर पड़ा। इस दौरान कई सड़क दुर्घटनाएं हुईं, लेकिन सीसीटीवी फुटेज उपलब्ध न होने के कारण तेज रफ्तार और लापरवाह वाहन चालकों पर कार्रवाई नहीं हो पाई। लोगों की ओर से लगातार शिकायतें की जा रही थीं। 18 कैमरों की मरम्मत कर दोबारा किया गया चालू अब सड़क सुरक्षा मद से इन कैमरों को दुरुस्त कर प्रमुख चौक-चौराहों पर फिर से सक्रिय किया गया है। इन ‘तीसरी आंख’ से संदिग्ध वाहनों और व्यक्तियों पर पैनी नजर रखी जाएगी, जिससे अपराध नियंत्रण और यातायात व्यवस्था में सुधार की उम्मीद है। यातायात प्रभारी मोनिका मरावी ने बताया कि पुलिस अधीक्षक के निर्देश पर सभी खराब कैमरों की मरम्मत कराई गई है। शहर के मुख्य स्थानों जैसे घड़ी चौक, कचहरी ढलान, सिहावा चौक, रत्नाबांधा और अंबेडकर चौक पर लगे कुल 18 कैमरे अब चालू हो गए हैं।


