धमतरी शहर की आकाशगंगा कॉलोनी में अज्ञात नकाबपोश चोरों ने धावा बोलकर कम से कम छह घरों के ताले तोड़े। चोरों ने क्रेडा विभाग अधिकारी के घर से सोने के जेवरात और नकदी सहित लाखों रुपए का सामान चुरा लिया। यह घटना 8 फरवरी को सुबह सामने आई। पुलिस के अनुसार, चोरों ने कॉलोनी के करीब छह घरों को निशाना बनाया, हालांकि चोरी की वारदात एक घर में ही हुई है। पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है, जिसमें चार नकाबपोश चोर साफ दिखाई दे रहे हैं। बताया जा रहा है कि चोरों के पास हथियार भी थे, जिससे कॉलोनी में दहशत का माहौल है। आकाशगंगा फेज-2, क्वाटर नंबर B-8 निवासी तुलसी राम ध्रुव ने कोतवाली थाने में रिपोर्ट दर्ज कराई है। तुलसी राम वर्तमान में क्रेडा जिला कार्यालय गरियाबंद में जिला प्रभारी अधिकारी के पद पर कार्यरत हैं। उनकी पत्नी ग्राम भोथली में शिक्षिका हैं। वे सप्ताह के अवकाश के दिनों में ही अपने धमतरी स्थित निवास पर आते-जाते हैं। घर से 5 हजार नकद और सोने की अंगूठी गायब तुलसी राम ध्रुव के अनुसार, 8 फरवरी रविवार की सुबह उनकी काम वाली बाई चंद्रिका बाई यादव जब घर साफ करने आई, तो उसने देखा कि मुख्य दरवाजे का कुंडी टूटा हुआ था और दरवाजा खुला था। सामान अस्त-व्यस्त तथा वार्डरोप के कपड़े बिखरे हुए मिले पूजा स्थल के दराज में रखे नगदी रकम 5 हजार और बेडरूम के अलमारी से सोने की अंगूठी एक नग कीमती 20 हजार रुपए करीबन नही था। कोई अज्ञात व्यक्ति चेारी कर ले गया है। बाई ने तुरंत फोन पर तुलसी राम को इसकी सूचना दी, जिसके बाद उन्होंने मौके पर आकर स्थिति का जायजा लिया। अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कोतवाली थाना पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात चोरों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है। आरोपियों की तलाश के लिए अलग-अलग टीमें गठित की गई हैं। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर चोरों की पहचान करने और उन्हें पकड़ने का प्रयास कर रही है। एडिशनल एसपी शैलेंद्र पांडे ने बताया कि इस मामले में सीसीटीवी फुटेज की मदद से नकाबपोश चोरों की तलाश जारी है।


