धमतरी में फर्जी CID अधिकारी गिरफ्तार:टोल टैक्स से बचने और रौब जमाने के लिए करता था फर्जी ID का इस्तेमाल

छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक व्यक्ति को फर्जी सीआईडी अधिकारी बनकर रौब जमाने और टोल टैक्स से बचने के आरोप में गिरफ्तार किया गया है। पुलिस ने आरोपी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया है। यह मामला धमतरी जिले के कोतवाली थाना क्षेत्र का है। पुलिस को आमातालाब रोड स्थित श्रद्धा वेल्डिंग दुकान के पास एक स्कॉर्पियो वाहन के बारे में सूचना मिली थी। इस वाहन पर “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” का लोगो और “VICE PRESIDENT C.G. NATIONAL CRIME CONTROL ORG. ALL INDIA” लिखी प्लेट लगी थी। मौके पर पहुंची पुलिस ने जांच की तो वाहन के डैशबोर्ड पर संगठन का लोगो और पदनाम लिखा वाला बोर्ड मिला। आरोपी खुद को सीआईडी अधिकारी बताकर आम लोगों पर रौब झाड़ रहा था। पूछताछ में आरोपी ने दो आईडी कार्ड दिखाए। इनमें “CRIME INVESTIGATION DEPARTMENT” और “CRIME INVESTIGATION DETECTIVE” लिखा था, और वह खुद को “National Officer” बताता था। फर्जी आईडी कार्ड से लोगों पर रौब झाड़ता था आरोपी आरोपी ने पुलिस को बताया कि उसने सितंबर 2025 में कुछ लोगों की मदद से ये फर्जी आईडी कार्ड बनवाए थे और ऑनलाइन भुगतान करके समय-समय पर इनकी वैधता बढ़ाता रहा। उसने यह भी माना कि वह इन कार्डों और बोर्ड का इस्तेमाल टोल टैक्स से बचने और अन्य जगहों पर अपनी ताकत दिखाने के लिए करता था। गिरफ्तार आरोपी की पहचान टिकेश्वर नरेटी (28 वर्ष) के रूप में हुई है, जो सगराम नरेटी का बेटा और ग्राम डांगरा, थाना दुर्गकोंदल, जिला उत्तर बस्तर कांकेर (छत्तीसगढ़) का निवासी है। पुलिस ने आरोपी के पास से 2 फर्जी आईडी कार्ड, “NATIONAL CRIME CONTROL ORG.” लिखा एक बोर्ड, एक स्कॉर्पियो वाहन, एक iPhone 11 Pro और एक सैमसंग M12 मोबाइल फोन जब्त किया है। पुलिस के अनुसार, प्रथम दृष्टया यह पाया गया है कि आरोपी फर्जी पहचान बनाकर खुद को सरकारी या जांच एजेंसी का अधिकारी बताकर आम जनता को भ्रमित कर रहा था और अवैध लाभ लेने की कोशिश कर रहा था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *