छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले में एक बार फिर तेंदुआ नजर आने से हड़कंप मच गया। धमतरी-नगरी मार्ग पर देर रात सड़क किनारे बैठे तेंदुए को राहगीरों ने देखा। लोगों ने उसका वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा कर दिया, जो तेजी से वायरल हो रहा है। घटना केरेगांव परिक्षेत्र के भोयना गांव के पास की है। कार सवार यात्रियों ने सड़क किनारे तेंदुए को बैठे देखा। उन्होंने तुरंत मोबाइल से वीडियो रिकॉर्ड कर लिया। रात में मुख्य मार्ग पर तेंदुए की मौजूदगी से लोगों में डर फैल गया। वनांचल से घिरा है नगरी इलाका धमतरी का नगरी क्षेत्र घने जंगलों से घिरा है। केरेगांव रिहायशी इलाका है, फिर भी यहां जंगली जानवरों का आवागमन बना रहता है। इस क्षेत्र में भालू, तेंदुआ और हाथी अक्सर देखे जाते हैं। वन विभाग ने जारी की सतर्कता सूचना धमतरी वन विभाग के डीएफओ श्रीकृष्ण जाधव ने बताया कि केरेगांव वन परिक्षेत्र में पिछले कुछ दिनों से तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिल रही थी। विभाग की टीम इलाके पर नजर रख रही है। ग्रामीणों को जंगल की ओर न जाने की सलाह दी गई है। मुनादी कर आसपास के लोगों को सतर्क किया जा रहा है।


