धमतरी में स्कूटी में छिपा जहरीला सांप…VIDEO:पहले दुकान की सीढ़ी पर फन फैलाए बैठा था कोबरा, भगाने पर स्कूटी में घुसा; पार्ट्स खोलने पड़े

छत्तीसगढ़ के धमतरी में एक व्यापारी की इलेक्ट्रिक स्कूटी में जहरीला सांप घुस गया। सांप को निकालने के लिए स्कूटी के कई पुर्जे खोलने पड़े। काफी मशक्कत के बाद स्नेक कैचर ने कोबरा को बाहर निकाला। इसका वीडियो भी सामने आया है। दरअसल, यह मामला श्यामा प्रसाद मुखर्जी वार्ड के पास हरफतराई रोड का है। यहां श्री गुरुदेव ट्रेडिंग दुकान के मालिक संतोष तेजवानी जब सुबह अपनी दुकान खोलने पहुंचे, तो उन्होंने सीढ़ी पर फन फैलाए एक कोबरा को बैठे देखा। यह नजारा देखकर वह घबरा गए और तुरंत सांप को भगाने की कोशिश की। जैसे ही उन्होंने उसे हटाना चाहा, सांप दुकान में रखी इलेक्ट्रिक स्कूटी के अंदर घुस गया। आग जलाकर भगाने की कोशिश, लेकिन नहीं निकला सांप
सांप के स्कूटी में छिप जाने से व्यापारी की परेशानी बढ़ गई। व्यापारी ने सांप को बाहर निकालने के लिए काफी कोशिश की। उन्होंने स्कूटी को हिलाकर और फिर डंडे से भी निकालने की कोशिश की, लेकिन सांप टस से मस नहीं हुआ। यहां तक कि इसके बाद आग का भी सहारा लिया गया, ताकि गर्मी महसूस कर सांप खुद बाहर आ जाए, लेकिन कोबरा अपनी जगह से हिला भी नहीं। बाइक के पार्ट्स ले गए, तब जाकर नजर आया सांप
इस दौरान घटनास्थल पर बड़ी संख्या में लोगों की भीड़ जमा हो गई। जब कई प्रयासों के बावजूद सांप बाहर नहीं निकला, तो व्यापारी ने स्कूटी को दुकान से बाहर निकाला और उसके कई पार्ट्स खोलने शुरू किए। लगभग आधे घंटे तक तलाशने के बाद, सांप बाइक के अंदर एक कोने में छिपा हुआ दिखा। सर्प मित्र ने निकाला जहरीला कोबरा
इसके बाद सर्प मित्र को बुलाया गया। कुछ ही देर में स्नेक कैचर घटनास्थल पर पहुंचे। सर्प मित्र ने पहले स्कूटी में छिपे कोबरा को ढूंढा फिर स्कूटी के आगे वाले पार्ट को जैसे ही खोला तो सांप बाहर निकल आया और भागने लगा। सर्प मित्र ने उसे तुरंत अपने इंस्ट्रूमेंट की मदद से सुरक्षित तरीके से उसे हाथ में पकड़ लिया और उसे एक बोरी में अंदर डाल लिया। बाद में उसे गंगरेल के घने जंगलों में सुरक्षित छोड़ दिया। इलेक्ट्रिक स्कूटी में छिपा जहरीला सांप, सर्प मित्र ने सुरक्षित निकाला व्यापारी ने बताया कि बुधवार की रात दुकान में डेढ़ फीट लंबा सांप घुसा था और दुकान के कचरे के ढेर में छिपा हुआ था। बताया जा रहा है कि, यह डेढ़ फीट लंबा जहरीला कोबरा था, जिसे छत्तीसगढ़ में गौहा डोमि के नाम से जाना जाता है। ————————- इससे जुड़ी ये खबर भी पढ़ें मच्छरदानी के अंदर घुसकर बैठा था जहरीला नाग:कोरबा में फुंकार सुनकर भागे मां और बच्चे; स्नेक कैचर ने किया रेस्क्यू कोरबा जिले में एक घर से जहरीला नाग सांप निकला है। मानिकपुर निवासी जवाहर खांडे के घर में मच्छरदानी के अंदर सांप घुसा हुआ था। जब उनकी पत्नी खाना खाने के बाद अपने दो छोटे बच्चों के साथ सोने जा रही थी तभी देख डर गई। मच्छरदानी में सांप की फुंकार सुनते ही महिला बच्चों को लेकर कमरे से बाहर भाग गई। परिवार ने देखा कि करीब 5 फीट लंबा जहरीला नाग मच्छरदानी में फंसा हुआ था। परिवार ने तुरंत स्थानीय सर्प रेस्क्यू टीम को सूचना दी। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *