छत्तीसगढ़ के धमतरी जिले के ग्राम पीपरछेड़ी में प्रशासन ने मंगलवार को कार्रवाई करते हुए 22 अतिक्रमणों को ध्वस्त कर दिया। राजस्व विभाग की ओर से की गई कार्रवाई के दौरान ग्रामीणों की भारी भीड़ मौजूद थी, जिसमें कुछ लोग विरोध करते भी नजर आए। यह कार्रवाई मंगलवार शाम को दोबारा शुरू की गई, जब राजस्व विभाग का बुलडोजर पीपरछेड़ी गांव पहुंचा। इस दौरान बड़ी संख्या में महिला सुरक्षा बल सहित पुलिस टीम और तहसीलदार गांव में मौजूद रहे। प्रशासन ने 22 अतिक्रमणकारियों के कब्जों को हटाकर उन्हें जमींदोज किया। सुरक्षा बल के साथ की गई कार्रवाई दरअसल, सोमवार को भी ग्राम पीपरछेड़ी में अतिक्रमण हटाने की कोशिश की गई थी। उस समय अतिक्रमणकारियों ने भारी हंगामा किया था। बढ़ते तनाव और पुलिस बल की कमी को देखते हुए राजस्व विभाग को कार्रवाई रोकनी पड़ी थी। इसके बाद मंगलवार को पर्याप्त सुरक्षा बल के साथ कार्रवाई फिर से शुरू की गई। पंचायत की ओर से प्रस्ताव पारित किया गया था चिह्नित तहसीलदार दुर्गेश तंवर ने बताया कि पंचायत की ओर से प्रस्ताव पारित करने के बाद 22 अतिक्रमणकारियों को चिह्नित किया गया था। उन्होंने पुष्टि की कि चिह्नित अतिक्रमणों को हटा दिया गया है और कार्रवाई पूरी हो चुकी है। तहसीलदार ने यह भी बताया कि एक दिन पहले जब अतिक्रमण हटाने गए थे, तब पुलिस बल की कमी के कारण अतिक्रमणकारी हावी हो गए थे, जिससे टीम को वापस लौटना पड़ा था। बाद में अतिक्रमणकारियों को समझाया गया, जिसके बाद उन्होंने खुद ही अपना सामान हटा लिया था। इसके बाद ही कार्रवाई की गई।


