छत्तीसगढ़ के धमतरी में रेलवे निर्माण सामग्री चोरी के एक मामले का खुलासा हुआ है। पुलिस ने इस संबंध में सात शातिर चोरों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों के पास से लाखों रुपए की चोरी की सामग्री बरामद की गई है, जिसमें 1.80 लाख रुपए मूल्य की 120 लोहे की सरिया और एक मेटाडोर वाहन शामिल है। यह चोरी चार महीने पहले हुई थी। यह घटना कुरुद थाना क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम कन्हारपुरी के पास स्थित रेलवे टीएसएस के निर्माणाधीन स्थल पर 8-9 सितंबर 2025 की मध्यरात्रि लगभग 2 से 3 बजे के बीच हुई थी। अज्ञात चोरों ने यहां से 32 एमएम की 120 लोहे की सरिया चोरी कर ली थी। इस संबंध में अपराध दर्ज कर पुलिस जांच में जुटी हुई थी। मुख्य आरोपी की निशानदेही पर गिरोह पकड़ाया पुलिस ने आरोपियों की तलाश शुरू की। इसी दौरान, आरोपी विष्णु दास मानिकपुरी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। उसने अपने अन्य साथियों के साथ मिलकर चोरी की वारदात को अंजाम देना स्वीकार किया। विष्णु दास के बयान के आधार पर घटना में शामिल अन्य आरोपियों चंद्रभूषण सिंह, शेख फैजल, टी. शिव कुमार, ओमप्रकाश बंजारे, सुग्रीम राम और आकाश गुप्ता को भी चिन्हित कर हिरासत में लिया गया। पूछताछ में सभी आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने चोरी में इस्तेमाल किया गया मेटाडोर वाहन (क्रमांक CG-17-KK-2545) और आरोपी आकाश गुप्ता से चोरी की गई 120 नग लोहे की सरिया बरामद कर जब्त कर ली। ये हैं गिरफ्तार आरोपी गिरफ्तार किए गए आरोपियों में विष्णु दास उर्फ लालू (42 वर्ष, निवासी भाठापारा बगदेही), चंद्रभूषण सिंह उर्फ बिट्टू (32 वर्ष, निवासी सुपेला पांच रास्ता, भिलाई), शेख फैजल (25 वर्ष, निवासी पावर हाउस कैंप, श्याम नगर), टी. शिव कुमार (30 वर्ष, निवासी भिलाई कैंप-01, थाना छावनी, जिला दुर्ग), ओमप्रकाश उर्फ भक्कू बंजारे (36 वर्ष, निवासी सतनामी पारा, कोटा रायपुर), सुग्रीम राम (38 वर्ष, निवासी खुलासा, थाना जामों, जिला सीवान (बिहार), हाल पता प्रगति नगर, गुढ़ियारी, रायपुर) और आकाश गुप्ता (33 वर्ष, निवासी शीतला चौक भाठागांव, रायपुर, हाल पता एकता नगर, गुढ़ियारी) शामिल हैं। इन सभी को न्यायिक रिमांड पर जेल भेज दिया गया है।


