प्रखंड क्षेत्र अंतर्गत धरवाडीह स्थित शिव मंदिर परिसर में आगामी महाशिवरात्रि पर्व को लेकर शिव मंदिर कमेटी की एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक में शिवरात्रि के अवसर पर होने वाले पूजा-अर्चना, मंदिर की साफ-सफाई, सजावट एवं श्रद्धालुओं की सुविधाओं को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। कमेटी के सदस्यों ने निर्णय लिया कि शिवरात्रि के दिन प्रातःकाल से ही विधि-विधान के साथ भगवान भोलेनाथ की पूजा प्रारंभ की जाएगी तथा मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया जाएगा। बैठक में यह भी तय किया गया कि शिवरात्रि के अवसर पर धरवाड़ीह में एक दिवसीय भव्य मेला का आयोजन किया जाएगा। मेले में आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों से बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के पहुंचने की संभावना है। इसे लेकर सुरक्षा व्यवस्था, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था एवं भीड़ नियंत्रण को लेकर विशेष तैयारी करने का निर्णय लिया गया। स्वयंसेवकों की जिम्मेदारी भी तय की जाएगी, ताकि कार्यक्रम शांतिपूर्ण एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न हो सके। इसी क्रम में विद्यासागर डाक बम सेवा समिति के सदस्यों ने जानकारी दी कि प्रत्येक वर्ष की भांति इस वर्ष भी सुभाष चौक में श्रद्धालुओं के लिए महाप्रसाद की व्यवस्था की जाएगी। महाप्रसाद में मालपुआ, खीर एवं नींबू चाय का वितरण किया जाएगा, जिससे दूर-दराज से आने वाले भक्तों को सुविधा मिल सके। बैठक में दुर्गा मंडल, संतोष मंडल, जागेश्वर मंडल, सुरेंद्र मंडल, विकी मंडल, सूरज मंडल, अजीत मंडल, वासुदेव मंडल, शाहिद सहित दर्जनों कार्यकर्ता एवं ग्रामीण उपस्थित रहे।


