धर्मशाला कोर्ट को बम से उड़ाने की धमकी:ई-मेल मिलते ही परिसर खाली, जजों-वकीलों को बाहर निकाला

धर्मशाला: हिमाचल प्रदेश के धर्मशाला स्थित कोर्ट परिसर को बम से उड़ाने की धमकी मिलने से गुरुवार को हड़कंप मच गया। धमकी भरा ई-मेल मिलते ही पुलिस और प्रशासन तुरंत हरकत में आ गए। एहतियात के तौर पर कोर्ट में मौजूद जजों, वकीलों और वादियों को सुरक्षित बाहर निकालकर पूरे परिसर को खाली करवा लिया गया। जानकारी के अनुसार, कोर्ट की आधिकारिक ईमेल आईडी पर एक संदेश प्राप्त हुआ, जिसमें दावा किया गया था कि परिसर में विस्फोटक सामग्री रखी गई है और इसे जल्द ही उड़ा दिया जाएगा। सूचना मिलते ही एसपी कांगड़ा अशोक रतन के निर्देश पर भारी पुलिस बल मौके पर पहुंचा। बम निरोधक दस्ते (Bomb Disposal Squad) और डॉग स्क्वायड ने चप्पे-चप्पे की गहन तलाशी ली, हालांकि अब तक कोई संदिग्ध वस्तु बरामद नहीं हुई है। जांच में सामने आया है कि धर्मशाला के अलावा हिमाचल प्रदेश हाईकोर्ट (शिमला) और पंजाब की फिरोजपुर, मोगा व रोपड़ अदालतों को भी इसी तरह के धमकी भरे मेल मिले हैं। जांच एजेंसियां इसे दहशत फैलाने की एक सोची-समझी साजिश मान रही हैं। पुलिस का साइबर सेल विभाग ईमेल भेजने वाले के आईपी (IP) एड्रेस को ट्रेस कर आरोपी तक पहुँचने के प्रयास में जुटा है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *