धर्मशाला में कांग्रेस सरकार के खिलाफ सड़कों पर उतरेगी भाजपा:झूठी गारंटियों, महंगाई व बेरोजगारी के मुद्दे पर घेरेगी; जोरावर स्टेडियम में जन आक्रोश आंदोलन

धर्मशाला के तपोवन में भारतीय जनता पार्टी आज प्रदर्शन करने जा रही है। तपोवन के जोरावर स्टेडियम में कांगड़ा जिले से बीजेपी नेता प्रदर्शन में शामिल होने तपोवन पहुंचने शुरू हो गए हैं। बीजेपी ने कांग्रेस सरकार के दो साल के कार्यकाल को विरोध दिवस के रूप में मनाने का फैसला किया है। इसी कड़ी में विधानसभा के शीत सत्र के दौरान पार्टी धर्मशाला में जन आक्रोश आंदोलन का फैसला लिया है। इसकी गूंज विधानसभा के शीत सत्र में भी सुनाई देगी। जन आक्रोश आंदोलन के प्रभारी एवं प्रदेश महामंत्री त्रिलोक कपूर ने कहा, कांग्रेस ने 10 झूठी गारंटियां देकर सत्ता हासिल की। अब कोई भी वादा पूरा नहीं किया जा रहा। उन्होंने कहा, जब से कांग्रेस प्रदेश की सत्ता में आई है, तब से जनता पर सिर्फ महंगाई का बोझ डालने का कार्य कर रही है। डीजल पर वेट लगाया और डिपो में दाल भी महंगी कर दी। त्रिलोक कपूर ने कहा, कांग्रेस ने गारंटियां देकर जनता से धोखा किया। बेरोजगार युवाओं को हर साल एक लाख सरकारी नौकरियां, 22 लाख बहनों को 1500 रुपए महीना देने का वादा किया गया। किसानों और बेरोजगारों को भी झूठे वादे करके ठगा गया। उन्होंने कहा, कांग्रेस सरकार के दो वर्ष पूरी तरह से नाकामियों और विफलताओं से भरे रहे हैं। इन दो सालों में कांग्रेस की सारी गारंटियां फेल हुई है और सरकार ने दो साल का जश्न मनाकर करोड़ों रुपए की फिजूलखर्ची की। इसलिए भाजपा ने आज विरोध दिवस के रूप में मनाने का निर्णय लिया है। 2 सालों में 27 हजार 465 करोड़ का लिया कर्ज त्रिलोक कपूर ने कहा, कांग्रेस सरकार 2 साल के कार्यकाल में ही 27 हजार 465 करोड़ रुपए से अधिक का कर्ज ले लिया है। फिर भी सरकार के पास राज्य में विकास कार्य कराने के लिए बजट नहीं है। हिमाचल में बनने वाले सीमेंट की पिछले 2 सालों में में चार बार कीमतें बढ़ाई गई। इन 2 सालों में 100 रुपए के लगभग कीमत बढ़ी, जिसके चलते 445 रुपए से कम सीमेंट की बोरी नहीं मिल रही है। टीसीपी में नक्शे पास करवाने की फीस पहले तीन हज़ार रुपए थी, जिसे बढ़ा कर अब 16 हज़ार रुपए कर दिया है। प्रदेश की जनता पर बढ़ाया टैक्स का बोझ भाजपा महामंत्री ने कहा, पिछली भाजपा सरकार द्वारा दी जाने वाली बिजली सब्सिडी बंद कर दी गई है। ग्रामीण आबादी पर पानी के शुल्क का बोझ डाला गया। फिर कांग्रेस ने किस बात का जश्न मनाया। धर्मशाला के जोरावर स्टेडियम में आज कांगड़ा जिला के सभी विधानसभा क्षेत्रों के कार्यकर्ता जुटेंगे और कांग्रेस सरकार के खिलाफ प्रदर्शन करेंगे। बीजेपी विधायकों को रैली में भीड़ जुटाने को कहा गया है। इस प्रदर्शन को नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर और प्रदेश भाजपा अध्यक्ष राजीव बिंदल संबोधित करेंगे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *