चास के धर्मशाला मोड़ व महावीर चौक के बीच स्थित एक फूल दुकान के फुटपाथ पर सो रही हाड़ी मोहल्ला चास निवासी भुचकी हांड़ी (25) को एक कार (जेएच09एए-7015) ने कुचल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। दुर्घटना 28 फरवरी की रात करीब 12 बजे की है। रात में ही पुलिस ने शव को अपने कब्जे में लेकर मॉर्चरी में रखवा दिया था। रविवार की सुबह परिजनों को सूचना देकर अस्पताल बुलाया गया, जहां शव का पहचान करवाया गया। शव का पहचान होने के बाद चास पुलिस ने पोस्टमार्टम करवाया और शव परिजनों को सौंप दिया। दुर्घटना को लेकर बताया जाता है कि मृतका की स्थिति विक्षिप्त जैसी है, जिसके कारण वह बाजार से ही मांगकर अपना गुजारा करती है। वहीं रात होने पर किसी भी फुटपाथ पर सो जाती थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि सड़क से उक्त फुटपाथ की दूरी करीब 5 फीट है। बावजूद शराब के नशे में तेजी से वाहन चलाते हुए कार चालक ने उसे कुचल दिया। दुर्घटना से कार भी क्षतिग्रस्त हो गई। आसपास के लोग जुटे तो कार चालक को बाहर निकाला। इस दौरान जमीन पर खून बहता देखकर लोगों ने महिला को देखा। उस समय उसकी सांस चल रही थी, ऐसे में उसे सदर अस्पताल पहुंचाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने प्राथमिक जांच में उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने क्षतिग्रस्त कार अपने कब्जे में रखा है तथा आगे की कार्रवाई में जुटी है। क्षतिग्रस्त कार। मामला चास थाना क्षेत्र का, वाहन को जब्त कर कार्रवाई में जुटी पुलिस


