भास्कर न्यूज| धमतरी नगरी ब्लाक के मुनईकेरा में धर्मांतरित व्यक्ति के शव दफनाने को लेकर गांव में अशांति का माहौल है। गांव में शांति व्यवस्था बनाए रखने और घटना की पुनरावृत्ति रोकने सहित धर्मांतरित व्यक्ति के शव को दफनाने वालों पर कार्रवाई की मांग ग्रामीणों ने की है। गुरुवार को ग्रामवासी कलेक्टोरेट पहुंचकर अफसर को ज्ञापन सौंपा। गणेशराम नागवंशी, दयाराम, देवव्रत सिंह, लछनी, इंदल कुमार ने बताया कि मुनईकेरा आदिवासी बाहुल्य गांव है। यहां बीते 8 फरवरी को धर्मांतरित व्यक्ति के शव को ग्राम सभा की अनुमति, सहमति एवं प्रस्ताव के बिना स्थानीय ग्रामीणों के विरोध के बावजूद जबरदस्ती दफना दिया गया। इससे गांव में शांति व्यवस्था भंग हो गई है। गांव 5वीं अनुसूची क्षेत्र होने के कारण यहां किसी भी प्रकार का धार्मिक अथवा सामाजिक कार्य ग्रामसभा की पूर्व स्वीकृति के बिना किया जाना विधि विरूद्ध है। यहां कब्रिस्तान व स्वीकृत स्थल उपलब्ध नहीं है, फिर भी शव को दफनाया गया। इससे गांव में अशांति की स्थिति है। इस पर रोक लगाने की मांग की गई।


