धान उपार्जन केंद्रों में कम पहुंच रहे किसान:3100 रुपए प्रति क्विंटल मूल्य करने की किसान कर चुके हैं मांग

जिले के धान उपार्जन केंद्रों में उपार्जन की शुरुआत को एक सप्ताह से अधिक का समय हो गया अब भी कम संख्या में किसान पहुंच रहे है। पिछले सप्ताह दो दिसंबर से जिले के 62 केंद्रों में समर्थन मूल्य पर धान उपार्जन का कार्य शुरू हुआ है लेकिन कई केंद्रों में अब भी किसान धान लेकर नहीं पहुंचे है। वहीं समूहों को भी धान उपार्जन का काम देने की करवाई चल रही है। ऐसे में जहां केंद्र नहीं बन पाए है उन क्षेत्रों के किसान धान नहीं बेच पा रहे हैं। 608 किसानों ने बेचा धान एक दिन पहले ही 15 समूहों को धान उपार्जन का काम दिया गया है। 12 समूहों को उपार्जन का काम दिया जाना शेष है। 52989 किसानों ने धान बेचने के लिए पंजीयन कराया है। अब तक 47 केंद्रों में 608 किसानों से 50472 क्विंटल धान उपार्जित किया जा सका है। शेष केंद्रों की और अब तक किसानों ने रुख नहीं किया है। किसानों का कहना है कि धान में अभी नमी अधिक है। जब तक नमी कम नहीं होगी तब तक उसे केंद्र लाना मुश्किल है। विभागीय अधिकारियों के अनुसार धान उपार्जन के लिए किसान स्लाट बुकिंग आनलाइन कर सकते है। ई-उपार्जन पोर्टल पर पंजीकृत, सत्यापित किसानों द्वारा स्वयं के मोबाइल, एमपी आनलाइन, सीएसीसी, ग्राम पंचायत,लोक सेवा केंद्र,इंटरनेट कैफे,उपार्जन केंद्र से स्लाट बुकिंग की जा सकती है। नए केंद्रों में नहीं पहुंचे वारदाने जिले में इस वर्ष किसानों से 2.80 लाख मीट्रिक टन धान उपार्जन करने का लक्ष्य निर्धारित किया गया है। नान के अधिकारियों का कहना है कि बारदानों की कमी नहीं है।पूर्व में बनाए गए सभी केंद्रों में पर्याप्त बारदानें पहुंचा दिए गए हैं। एक दिन पहले समूहों के बनाए गए 15 नए केंद्रों में बारदानें पहुंचाना शेष है।इस बार धान खरीदी में कोई गड़बड़ी न हो इसको लेकर गोदाम स्तर पर खरीदी केंद्र अधिक बनाए गए हैं। अधिकारियों के अनुसार आगामी सप्ताह से धान उपार्जन के कार्य में तेजी आएगी।वहीं वर्षा की संभावनाओं को देखते हुए समिति प्रबंधकों को धान की सुरक्षा के लिए व्यापक व्यवस्थाएं करने के साथ किसानों की सुविधाओं का ध्यान रखने के निर्देश दिए गए हैं। 3100 रुपए क्विंटल मूल्य करने की मांग
जिले के विभिन्न क्षेत्र के किसान चुनाव के पहले भाजपा के घोषित 3100 रुपये प्रति क्विंटल धान लेने के वायदे को पूरा करने की मांग कर रहे हैं। बरघाट विकासखंड क्षेत्र के किसान एकता मंच के बैनर तले बीते दिवस किसानों ने एसडीएम बरघाट को ज्ञापन सौंपा था। इसमें बताया गया कि मौजूदा भाजपा सरकार ने लोकसभा चुनाव के पहले कहा था कि 3100 रुपएक्विंटल के भाव से किसानों से धान की खरीदी की जाएंगी, लेकिन सरकार अपना नहीं निभा रही। किसानों ने मुख्यमंत्री के नाम पत्र लिखकर कहा कि 3100 क्विंटल के भाव से धान खरीदी जाए। नागरिक आपूर्ति निगम के महाप्रबंधक विवेक रंगारे का कहना है की अब तक जिले के 47 केंद्रों में 608 किसानों से 50472 क्विंटल धान खरीदा गया है। एक दिन पहले 15 समूहों को काम दिया गया है ।12 समूहों को उपार्जन का काम दिया जाना शेष है। बारदानों की कमी नहीं है। नए बनाए गए केंद्रों को छोड़कर सभी केंद्रों में पर्याप्त बारदाने पहुंचा दिए गए हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *