मैहर में धान की दराई के दौरान 2 गुटों में विवाद हो गया। देखते ही देखते दोनों गुटों के लोगों ने एक-दूसरे पर जानलेवा हमला कर दिया। इस घटना में युवती सहित 2 लोगों को गम्भीर चोट आई है। 2 को प्राथमिक उपचार के बाद जिला अस्पताल रेफर किया गया है। जिले के अमरपाटन थाना क्षेत्र के भीषमपुर गांव में मंगलवार देर रात कुशवाहा परिवार के घर ट्रैक्टर में लगे मिल में धान से चावल निकालने का काम किया जा रहा था। इस दौरान मशीन से निकलने वाली धान की भूसी सड़क पर उड़ रही थी, तभी गांव के ही लोनी परिवार के कुछ लोग मशीन के पास पहुंचे और हंगामा करने लगे। देखते ही देखते विवाद शुरू हो गया। बात इतनी ज्यादा बढ़ गई कि एक पक्ष ने मशीन चला रहे युवक उमेश लोनी (30 वर्ष) पर कुल्हाड़ी से हमला कर दिया। वहीं मशीन चला रहे अन्य कर्मचारी शिवनारायण लोनी (21 वर्ष) ने दूसरे गुट के सोनमोंन लोनी (20 वर्ष) की लाठी से पिटाई कर दी। इस बीच 24 वर्षीय युवती कृष्णा लोनी बीच-बचाव करने पहुंची तो उस पर भी हमला किया गया। घटना में 3 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। घायलों में 2 की हालत गंभीर बताई जा रही है।


