बालोद| आम आदमी पार्टी (आप) के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष अभिषेक मिश्रा ने पत्रकार वार्ता में कहा कि सरकार ने 15 नवंबर से धान खरीदी शुरू की थी, लेकिन 6 फरवरी को इसे बंद कर दिया गया। इस दौरान लाखों किसानों का धान अभी तक खरीदा नहीं गया है। प्रदेश अध्यक्ष किसान विंग तारेंद्र चंद्राकर ने कहा कि धान का भुगतान निकालने के लिए किसानों को सुबह 6 बजे से धूप में लाइन लगानी पड़ रही है। कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष देवलाल नारेटी ने कहा कि केंद्र सरकार ने अमेरिका के साथ नई ट्रेड डील में भारत में कृषि उत्पादों पर 0% टैरिफ लगाया है, जबकि अमेरिका ने भारत से आने वाले कृषि उत्पादों पर 18% टैरिफ रखा है। प्रदेश मीडिया प्रभारी मिहिर कुर्मी ने कहा कि छत्तीसगढ़ में अब भी लगभग 3 लाख किसान धान बेचने से वंचित रह गए हैं। जिला अध्यक्ष बालोद बालक सिंह साहू ने कहा कि भाजपा सरकार ने जबरदस्ती किसानों से रकबा समर्पण करवाया, इसके लिए सरकार किसानों से माफी मांगे। खरीदी की समय सीमा बढ़ाकर 28 फरवरी तक की जानी चाहिए। 10 फरवरी को मुख्यमंत्री निवास का घेराव करेंगे।


