धान खरीदी केंद्रों में बारदाना खत्म, भड़के किसान:नेशनल हाइवे-30 पर ट्रैक्टर खड़ाकर एक घंटे तक किया चक्काजाम

छत्तीसगढ़ में सुकमा जिले के पेंटा धान खरीदी केंद्र में बारदाना खत्म हो गया है। धान बेचने पिछले कुछ दिनों से किसान लगातार खरीदी केंद्र आ रहे हैं, फिर लौट रहे। इसी बात से आक्रोशित होकर आज नेशनल हाइवे 30 पर किसानों ने ट्रैक्टर खड़ा कर सड़क जाम कर दिया। करीब एक घंटे तक जाम रहा। जिसके बाद पुलिस की टीम ने जाम खुलवा दिया है। किसानों के सड़क जाम करने से दोनों तरफ वाहनों की लंबी कतार लगी हुई थी। वहीं मामले की जानकारी मिलते ही दोरनापाल थाना प्रभारी समेत पुलिस की टीम मौके पर पहुंची। किसानों को समझाइश दी गई। जिसके बाद किसानों ने सड़क से ट्रैक्टर हटा दिया और जाम खोल दिया। बारदाना नहीं होने से गुस्साए किसानों का कहना है कि, धान बेचने के लिए कुछ ही दिन बचे हुए हैं। टोकन लिए उन्हें एक सप्ताह से ज्यादा का समय हो गया है। लेकिन केंद्र में बारदाना नहीं होने की वजह से धान नहीं बेच पा रहे हैं। जिससे उन्हें भी काफी नुकसान हो सकता है। किसानों ने कहा कि बार-बार कहने के बाद भी विभाग के अफसर उनके लिए बारदाने की व्यवस्था नहीं जुटा पा रहे हैं।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *