सलूंबर के धारोद गांव में एक सूने मकान से लाखों रुपए के जेवरात और नकदी चोरी हो गई। चोरों ने शुक्रवार देर रात वारदात को अंजाम दिया। चोरी हुए सामान में सवा किलो चांदी की भगवान की मूर्ति भी शामिल है। शादी में गया था परिवार
पुलिस के अनुसार, करणसिंह पुत्र गौतमसिंह अपने परिवार के साथ रिश्तेदारी में एक शादी समारोह में गए हुए थे। इसी दौरान देर रात बदमाशों ने उनके मकान का ताला तोड़कर घर में प्रवेश किया। अलमारियों और पेटियों के ताले तोड़े
चोरों ने कमरों में रखी अलमारियों और पेटियों के ताले तोड़कर कीमती सामान चुरा लिया। इनमें सवा किलो चांदी की भगवान की मूर्ति, लगभग ढाई तोले की सोने की चेन, आधा तोला सोने की अंगूठी, दो जोड़ी सोने की मुरकियां, लगभग 20 तोले के चांदी के तोड़े, 21 तोले की चांदी की पायल, 15 तोले की चांदी की चूड़ियां, पांच बिछिया और करीब 10 हजार रुपए नकद शामिल हैं। महिला लौटी तो सामान बिखरा मिला
शनिवार सुबह करीब 6:30 बजे परिवार की एक महिला जब घर लौटी, तो उसने दरवाजे का ताला टूटा हुआ और सामान बिखरा हुआ पाया, जिसके बाद चोरी का खुलासा हुआ। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का मुआयना कर साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। इस वारदात से क्षेत्र में दहशत का माहौल है। ग्रामीणों का आरोप है कि पिछले तीन माह में क्षेत्र में चोरी की कई घटनाएं हो चुकी हैं, लेकिन अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। ग्रामीणों ने प्रभावी रात्रि गश्त बढ़ाने और संदिग्ध व्यक्तियों पर निगरानी रखने की मांग की है। पुलिस ने बताया कि आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं और संदिग्धों से पूछताछ की जा रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर वारदात का खुलासा करने का आश्वासन दिया है।


