धार्मिक स्थल पर रंग फेंकने से 2 समुदायों में तनाव:होली जुलूस के दौरान जानबूझकर काला रंग फेंकने का आरोप, पुलिस बल तैनात

बूंदी जिले के अलोद गांव में होली जुलूस के दौरान एक धार्मिक स्थल पर रंग फेंकने को लेकर दो समुदायों के बीच तनाव उत्पन्न हो गया। यह घटना जुलूस के गुजरने के समय हुई, जिसके बाद दोनों पक्ष आमने-सामने आ गए। सूचना मिलते ही पुलिस बल मौके पर पहुंचा और स्थिति को नियंत्रित किया। समुदाय विशेष से जुड़े लोगों ने आरोप लगाया है कि उनके धार्मिक स्थल पर जानबूझकर काला रंग फेंका गया। इस घटना के बाद इलाके में तनाव का माहौल बन गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा ने बताया- गांव में होली जुलूस के दौरान दोपहर करीब 12 बजे एक धार्मिक स्थल पर रंग फेंकने की घटना सामने आई। घटना की जानकारी मिलते ही भारी पुलिस बल मौके पर रवाना हो गया। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक उमा शर्मा ने भी घटनास्थल का दौरा कर स्थिति का जायजा लिया। पुलिस ने फिलहाल हालात को नियंत्रण में कर लिया है और क्षेत्र में एहतियातन पुलिस जाब्ता तैनात किया गया है। प्रशासन ने स्थानीय लोगों से अफवाहों पर ध्यान न देने की अपील की है। पुलिस कुछ असामाजिक तत्वों द्वारा रंग फेंकने की आशंका जता रही है। वहीं, समुदाय विशेष के लोग दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग कर रहे हैं। उल्लेखनीय है कि इस गांव में पहले भी सांप्रदायिक विवाद हो चुके हैं। पूर्व में रामनवमी के जुलूस के दौरान मस्जिद के सामने डीजे बजाने को लेकर भी दो समुदायों के बीच तनाव बढ़ गया था।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *