धार-इंदौर रोड पर घोड़ा चौपाटी से जेतपुरा तक लगाई गई स्ट्रीट लाइटें पिछले 15-20 दिनों से बंद पड़ी हैं। खासकर इंदौर नाका से जेतपुरा तक का पूरा मार्ग रात होते ही अंधेरे में डूब जाता है, जिससे राहगीरों और स्थानीय लोगों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। स्थानीय निवासियों का कहना है कि अंधेरे की वजह से सुबह और रात के समय सड़क पर चलना बेहद जोखिम भरा हो गया है। इससे दुर्घटनाओं की आशंका लगातार बनी हुई है। जेतपुरा के स्थानीय निवासी मुकेश पटेल ने बताया कि स्ट्रीट लाइट बंद होने से क्षेत्र में भय और असुरक्षा का माहौल बना हुआ है। रात के समय पैदल चलना मुश्किल हो गया है और वाहन चालकों को भी भारी परेशानी उठानी पड़ रही है। उन्होंने यह भी कहा कि कई बार शिकायत करने के बावजूद अब तक कोई ठोस कार्रवाई नहीं हुई है। गौरतलब है कि इससे पहले नगरपालिका सीएमओ विश्वनाथ सिंह द्वारा जल्द सुधार कार्य कर लाइटें चालू कराने का आश्वासन दिया गया था, लेकिन 15 से 20 दिन बीत जाने के बाद भी हालात जस के तस बने हुए हैं। इस संबंध में आज जब नगरपालिका सीएमओ विश्वनाथ सिंह से संपर्क करने की कोशिश की गई तो उनसे कोई जवाब नहीं मिल सका। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि जल्द से जल्द स्ट्रीट लाइटें चालू करवाई जाएं, ताकि सड़क पर सुरक्षित आवागमन सुनिश्चित हो सके।


