धार शहर के पास प्रेमनगर बस्ती, लबरावदा फाटा, अथर में आबकारी विभाग ने अवैध शराब के भंडारण का खुलासा किया है। विभाग ने बुधवार रात को कार्रवाई करते हुए 4 लाख 86 हजार रुपये की अवैध शराब जब्त की और एक आरोपी को गिरफ्तार किया। यह कार्रवाई आबकारी संभाग इंदौर के संजय तिवारी और सहायक आबकारी आयुक्त जिला धार राज नारायण सोनी के निर्देशन में की गई। सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिनेश उदैनिया के नेतृत्व में टीम ने मुखबिर की सूचना पर सागर (पिता लक्ष्मण डाबी) के मकान में तलाशी ली। तलाशी के दौरान बोल्ट केन बीयर, देशी मदिरा प्लेन और मसाला, लंदन प्राइड वोदका सहित कुल 120.60 बल्क लीटर शराब जब्त की गई। जब्त शराब की अनुमानित कीमत लगभग 4 लाख 86 हजार रुपये बताई गई है। कार्रवाई की वीडियो रिकॉर्डिंग करवाई आरोपी सागर के खिलाफ मध्य प्रदेश आबकारी अधिनियम, 1915 की धारा 34(1)(क) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया है। आबकारी उप निरीक्षक राजकुमार शुक्ला ने बताया कि कार्रवाई के दौरान नवीन विधान के अनुसार वीडियो रिकॉर्डिंग भी की गई। इस कार्रवाई में सहायक जिला आबकारी अधिकारी दिनेश उदैनिया, आबकारी उप निरीक्षक राज कुमार शुक्ला, मुख्य आरक्षक कैलाश बघेल, आरक्षक शकुंतला खराड़ी और सैनिक पवन ठाकुर की टीम शामिल थी।


