धार शहर में अवैध गतिविधियों के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत कोतवाली थाना पुलिस ने जुआ खेलते चार लोगों को बुधवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने यह कार्रवाई मुखबिर से मिली सूचना के आधार पर की। पुलिस को जानकारी मिली थी कि शहर के नागर की बाड़ी स्थित इमलीबन इलाके में कुछ लोग पैसों की बाजी लगाकर ताश से जुआ खेल रहे हैं। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और चारों तरफ से घेराबंदी कर दी। अचानक पुलिस को देखकर वहां मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन पुलिस ने चारों को पकड़ लिया। यह लोग गिरफ्तार
पुलिस ने चिंटू उर्फ हितेश पिता कन्हैयालाल नागर (35) निवासी नागर की बाड़ी, विजय पिता रघुनाथ मकवाना (38) निवासी बसंत विहार कॉलोनी, निक्की उर्फ निकलेश पिता रामसिंह अलावा (32) निवासी तिरुपति नगर और राजेंद्र पिता भोवरलाल सावरिया (38) निवासी तिरुपति नगर को गिरफ्तार किया है। मौके से पुलिस ने नगद राशि और 52 ताश के पत्ते भी जब्त किए हैं। चारों के खिलाफ जुआ एक्ट की धारा 13 के तहत मामला दर्ज किया गया है। कोतवाली थाना प्रभारी दीपक सिंह चौहान ने बताया कि आवश्यक कानूनी कार्रवाई के बाद सभी आरोपियों को मुचलके पर रिहा कर दिया गया है। पुलिस का कहना है कि शहर में जुआ, सट्टा और अन्य अवैध गतिविधियों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।


