धार में विकसित भारत 2047 के लक्ष्य के तहत विकसित भारत गारंटी फॉर रोजगार एवं आजीविका मिशन (ग्रामीण) एक्ट (VB G RAM G) के जन जागरण को लेकर सोमवार को एक जिला स्तरीय जनप्रतिनिधि सम्मेलन आयोजित किया गया। यह सम्मेलन भाजपा धार जिला कार्यालय में हुआ। सम्मेलन में किसान मोर्चा प्रदेश अध्यक्ष जयपाल सिंह चावड़ा मुख्य वक्ता रहे। केंद्रीय राज्यमंत्री व सांसद सावित्री ठाकुर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित थीं, जबकि भाजपा जिलाध्यक्ष महंत निलेश भारती ने कार्यक्रम की अध्यक्षता की। विधायक नीना वर्मा और पूर्व मंत्री राजवर्धन सिंह दत्तीगांव विशेष अतिथि के तौर पर मंचासीन थे। चावड़ा बोले- यह केवल रोजगार तक सीमित नहीं
मुख्य वक्ता जयपाल सिंह चावड़ा ने अपने संबोधन में कहा कि यह अधिनियम केवल रोजगार तक सीमित नहीं है। उन्होंने बताया कि यह संरचना निर्माण, कौशल विकास, तकनीक और स्थानीय संसाधनों के बेहतर उपयोग से गांवों के समग्र विकास का मार्ग प्रशस्त करेगा। चावड़ा ने आगे कहा कि ग्राम पंचायतें स्थानीय जरूरतों के अनुसार योजनाएं बनाएंगी और पीएम गति शक्ति, जीआईएस जैसे आधुनिक टूल्स का उपयोग करेंगी। उन्होंने इस पहल को विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया। श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा
केंद्रीय राज्यमंत्री सावित्री ठाकुर ने कहा कि इस योजना से किसानों और श्रमिकों को सीधा लाभ मिलेगा। उन्होंने जोर दिया कि गांवों का विकास उनकी वास्तविक जरूरतों के अनुसार ही होगा। सम्मेलन में किसान मोर्चा प्रदेश महामंत्री दिलीप पटोदिया, जिला पंचायत अध्यक्ष सरदार सिंह मेडा, पूर्व जिलाध्यक्ष प्रभु राठौड़, पूर्व राज्यमंत्री दर्जा प्राप्त महेंद्र सिंह पिपलीपाडा, जिला महामंत्री देवेंद्र सोनोने व राकेश पटेल, पूर्व विधायक वेलसिंह भूरिया व मुकामसिंह निगवाल, किसान मोर्चा जिलाध्यक्ष बृजेंद्र सिंह चौहान, जिला टोली सदस्य प्रेमचंद परमार, कपिल निनामा और गायत्री पुरोहित सहित कई अन्य जनप्रतिनिधि मंचासीन रहे। कार्यक्रम का संचालन रविंद्र पाटीदार ने किया, जबकि प्रेमचंद परमार ने आभार व्यक्त किया। इस सम्मेलन की जानकारी भाजपा जिला मीडिया प्रभारी संजय शर्मा और सह मीडिया प्रभारी मनोज सोलंकी कवि ने दी।


