धार में सराफा कारोबारी आत्महत्या मामला गरमाया:व्यापारियों पर दबाव के आरोप, निष्पक्ष जांच की मांग लेकर एसपी कार्यालय पहुंचे लोग

धार नगर के बनियावाड़ी निवासी एवं श्री हरि ज्वेलर्स के संचालक हरिराम अग्रवाल द्वारा की गई आत्महत्या के मामले को लेकर सोमवार को सराफा एसोसिएशन और अग्रवाल समाज के लोग बड़ी संख्या में कोतवाली थाना तथा पुलिस अधीक्षक कार्यालय पहुंचे। प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी को ज्ञापन सौंपते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच की मांग की। सराफा एसोसिएशन के जिला अध्यक्ष पराग अग्रवाल ने बताया कि सोने-चांदी के भाव में लगातार उतार-चढ़ाव के चलते कुछ लोग पुराने लेन-देन को लेकर व्यापारियों पर अनुचित दबाव बना रहे हैं। इसी दबाव और मानसिक प्रताड़ना के कारण हरिराम अग्रवाल पिछले 15 से 20 दिनों से अत्यधिक तनाव में थे, जिसके चलते उन्होंने आत्मघाती कदम उठा लिया। उन्होंने आरोप लगाया कि कुछ ग्राहक पहले बेची गई ज्वेलरी को गिरवी बताकर वापस मांग रहे थे और शिकायत की धमकी देकर व्यापारियों को परेशान कर रहे थे। इससे जिलेभर के सराफा व्यापारियों में भय और असुरक्षा का माहौल बन गया है। प्रतिनिधिमंडल ने ज्ञापन के माध्यम से मांग की कि ऐसे मामलों में बिना पूरी जांच के व्यापारियों पर किसी प्रकार की कार्रवाई न की जाए। यदि किसी ग्राहक द्वारा शिकायत की जाती है, तो उसमें सराफा संगठन के पदाधिकारियों को भी शामिल कर दोनों पक्षों को सुनने के बाद ही निर्णय लिया जाए, ताकि निर्दोष व्यापारियों को अनावश्यक मानसिक प्रताड़ना से बचाया जा सके।
एसपी ने उचित जांच के लिए आश्वस्त किया
इस संबंध में पुलिस अधीक्षक मयंक अवस्थी ने प्रतिनिधिमंडल को आश्वस्त किया कि जिले के सभी थाना प्रभारियों को निर्देश दिए गए हैं कि इस तरह के मामलों में संतुलित और संवेदनशील रवैया अपनाया जाए। आत्महत्या के मामले की निष्पक्ष जांच के लिए सीएसपी धार सुजावल जग्गा को जांच अधिकारी नियुक्त किया गया है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। एसपी अवस्थी ने कहा कि व्यापारियों की वास्तविक समस्याओं को गंभीरता से सुना जाएगा, वहीं यदि कोई आपराधिक तत्व या अवैध दबाव बनाने वाला सामने आता है तो उसके खिलाफ कानून के अनुसार सख्त कार्रवाई की जाएगी। इस दौरान बड़ी संख्या में सराफा व्यापारी और अग्रवाल समाज के लोग उपस्थित रहे।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *