धार में 19 लाख के ऑयल हेराफेरी का खुलासा:अंतरराज्यीय गिरोह के 6 आरोपी गिरफ्तार, 3 फरार; गिरफ्तारी के लिए टीम गठित

धार जिले की सरदारपुर पुलिस ने 19 लाख रुपए मूल्य के इंडस्ट्रियल ऑयल की अंतरराज्यीय हेराफेरी का खुलासा किया है। इस मामले में 6 आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है, जबकि 3 आरोपी अभी भी फरार हैं। फरार आरोपियों की तलाश के लिए विशेष पुलिस टीमें गठित कर लगातार दबिश दी जा रही है। यह कार्रवाई सरदारपुर एसडीओपी विश्वदीप सिंह परिहार के पर्यवेक्षण और थाना प्रभारी अनिल कुमार जाधव के नेतृत्व में की गई। जानकारी के अनुसार, फरियादी मयूर पिता भुदरलाल ठक्कर, निवासी गांधीधाम जिला कच्छ (गुजरात), ने 12 फरवरी 2026 को थाना सरदारपुर में रिपोर्ट दर्ज कराई थी। उन्होंने बताया कि उनका टैंकर क्रमांक GJ-39-TA-2263, जो मुंद्रा (गुजरात) से 30.640 मीट्रिक टन इंडस्ट्रियल ऑयल लेकर मक्सी (उज्जैन) के लिए रवाना हुआ था। यह टैंकर 10 फरवरी को इंदौर-अहमदाबाद फोरलेन मार्ग पर ग्राम फुलगांवड़ी के समीप संदिग्ध अवस्था में दुर्घटनाग्रस्त हालत में खाली खड़ा मिला। चालक ने दुर्घटना की झूठी सूचना देकर मोबाइल बंद कर लिया और मौके से फरार हो गया था। जीपीएस विश्लेषण और मौके की जांच में टैंकर पूर्णतः खाली पाया गया, जिससे इंडस्ट्रियल ऑयल की सुनियोजित चोरी और अवैध बिक्री की पुष्टि हुई। पुलिस ने प्रकरण दर्ज कर जांच शुरू की। तकनीकी साक्ष्य, जीपीएस डेटा, मोबाइल लोकेशन, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर सूचना के आधार पर मुख्य आरोपी रेहमत उर्फ रहमान खान, निवासी ग्राम कोनरा जिला बाड़मेर (राजस्थान) को गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में उसने अपने साथियों के साथ मिलकर ऑयल की हेराफेरी कर अवैध रूप से बेचने की बात स्वीकार की। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 72 ड्रम इंडस्ट्रियल ऑयल (14,895 किलोग्राम), टैंकर, पिकअप वाहन और पाइप सहित अन्य उपकरण जब्त किए हैं। जब्त किए गए सामान की कुल अनुमानित कीमत लगभग 19 लाख रुपये है। पुलिस रिमांड के दौरान आरोपियों ने गुजरात में अहमदाबाद के समीप लगभग 10 टन ऑयल बेचने का भी खुलासा किया है, जिसकी जांच जारी है।

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *