भास्कर न्यूज | जालंधर जालंधर के ग्रामीण और शहरी सीमा से सटे इलाकों के लोगों के लिए राहत की खबर है। यहां पर सांसद निधि से तीन अलग-अलग गांव में नए कम्युनिटी हॉल बनाए जाएंगे। इन कम्युनिटी हॉल में लोग सामाजिक और धार्मिक समारोह कर सकेंगे। लोक निर्माण विभाग मार्च में निर्माण कार्य शुरू करेगा। तीन महीने में इसे पूरा करने का लक्ष्य है। लोक निर्माण विभाग के अनुसार वार्ड नं. 39 के खांबड़ा में भगवान वाल्मीकि कम्युनिटी हॉल का निर्माण किया जाएगा। इसके अलावा, फोल्ड़ीवाल में भी कम्युनिटी हॉल बनेगा। इसी तरह जालंधर छावनी के गांव धीना में सरकारी क्वार्टरों के पास श्री गुरु रविदास कम्युनिटी हॉल का निर्माण होगा। इन तीनों योजनाओं को अगले तीन माह के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। लोक निर्माण विभाग ने इन कार्यों के लिए टेंडर प्रक्रिया को शुरू कर दी है। लोक निर्माण के अधिकारियों का कहना है कि गुणवत्ता का विशेष ध्यान रखा जाएगा, ताकि लंबे समय तक इन भवनों का लाभ जनता को मिल सके। इसे तीन महीने के भीतर पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इस सुविधा से ग्रामीणों को अब महंगे मैरिज पैलेस के बजाय अपने ही गांव में स्थान मिलेगा। आम जनता को क्या होगा लाभ? इन गांवों और मोहल्लों में किसी सुरक्षित सार्वजनिक भवन के न होने से लोगों को अपने निजी पारिवारिक कार्यक्रम, सामुदायिक बैठकें या धार्मिक उत्सव मनाने के लिए महंगे मैरिज पैलेस या निजी स्थानों पर निर्भर रहना पड़ता था। धर्मशाला बनने से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को कम खर्च पर शादी-ब्याह और अन्य कार्यक्रमों के लिए छत मिल सकेगी। बुजुर्गों के बैठने और स्थानीय मुद्दों पर मीटिंग करने के लिए ये भवन एक सुरक्षित मंच प्रदान करेगा। अभी तक कई इलाकों में खुले मैदानों में कार्यक्रम करने पड़ते थे, लेकिन अब पक्के कमरों और हॉल की सुविधा से बारिश से भी बचाव होगा।


