धीरेंद्र शास्त्री के भाई बोले-हमारा रिश्ता खत्म:शालिग्राम ने वीडियो में संबंध तोड़ने का दावा किया; फिर मुकरे, कहा-मेरी बात गलत तरीके से पेश की

बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री के भाई सौरव गर्ग उर्फ शालिग्राम शास्त्री के दो वीडियो सामने आए हैं। इनमें से पहले में वे धीरेंद्र शास्त्री से अपना रिश्ता तोड़ने का दावा कर रहे हैं। वे कह रहे हैं कि हमारे किसी भी विषय को धाम से या महाराज जी से न जोड़े। हमारा उनका अब कोई भी संबंध नहीं है। हमने इसकी जानकारी कोर्ट में दे दी है। शालिग्राम ने ये वीडियो सोमवार देर रात अपने सोशल मीडिया अकाउंट पर पोस्ट किया। इसके बाद मंगलवार सुबह उन्होंने दूसरा वीडियो डाला। इसमें उन्होंने पहले वीडियो को गलत तरीके से पेश करने की बात कही। उन्होंने कहा, ‘आप उस वीडियो पर बिल्कुल भी यकीन न करें और न ही उसे इस तरह से फैलाएं।’ ​​​​​​पहले वीडियो में ये कहा…
जय श्री राम। हमारे कारण सभी सनातनी हिंदुओं की आस्था और बागेश्वर महाराज की छवि धूमिल हुई है। उस विषय को लेकर हम पूज्य बालाजी सरकार और महाराज से क्षमा मांगते हैं। आज से हमें या हमारे किसी भी विषय को बागेश्वर धाम और बागेश्वर वाले महाराज जी से न जोड़ा जाए। क्योंकि हमने आज से ही उनसे अपने परिवारिक रिश्ते आजीवन…हमेशा के लिए खत्म कर दिए हैं। आज से उनसे हमारा कोई भी रिश्ता या कोई भी संबंध नहीं है। इसकी जानकारी हमने अपने डिस्ट्रिक्ट के फैमिली कोर्ट में दे दी है। एक कॉपी हमारे पास भी रखी है। आप सभी से निवेदन है कि कृपया कर हमारे किसी भी विषय को धाम से या महाराज जी से न जोड़े। हमारा उनका अब कोई भी संबंध नहीं है। सब संबंध समाप्त हो चुके हैं। दूसरे वीडियो में ये बोले..
जय श्री राम। जय बागेश्वर धाम। सोशल मीडिया पर और कुछ न्यूज चैनलों पर एक वीडियो गलत तरीके से दिखाया जा रहा है। हमारा उद्देश्य ऐसा कुछ भी नहीं है। हमारा उद्देश्य हमेशा सही करने का होता है, उसे गलत तरीके से पेश किया जाता है। आप लोग अन्यथा बिल्कुल भी न सोचें। हमारा उद्देश्य सिर्फ इतना है कि हमारे कारण सनातनी हिंदुओं की जो बागेश्वर बालाजी सरकार… बागेश्वर महाराज जी के प्रति आस्था है, उसको ठेस न पहुंचे। वह हमारा एक माफी और सभी सनातनी हिंदू और साधु संतों से क्षमा मांगने का वीडियो था। उसे गलत तरीके से पेश किया गया है। आप उस वीडियो पर बिल्कुल भी यकीन न करें और न ही उसे इस तरह से फैलाएं। महाराज जी का हिंदू एकता का कार्य चल रहा है तो आप सभी से निवेदन है कि उसे वीडियो को अन्य तरीके से न लें। जय सियाराम। जय बागेश्वर धाम। विवादों में रहे हैं शालिग्राम गर्ग… शादी समारोह में लहराया कट्‌टा, हवाई फायर किया छतरपुर के गढ़ा गांव स्थित बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पं. धीरेंद्र शास्त्री के छोटे भाई पहले भी विवादों में रहे हैं। 23 फरवरी 2023 को उनके दो वीडियो वायरल हुए थे। दोनों वीडियो गढ़ा गांव में 11 फरवरी को हुई अहिरवार समाज की बेटी की शादी के थे। पहले वीडियो में शालिग्राम के एक हाथ में सिगरेट और दूसरे में कट्‌टा दिख रहा है। वे दुल्हन के परिजन से गाली-गलौज करके उन्हें धमका रहे हैं। दूसरे वीडियो में शालिग्राम हाथ में कट्टा लिए अपने साथियों के साथ शादी पंडाल में घुसते नजर आ रहे हैं। वहां मौजूद लोग उन्हें समझाने की कोशिश कर रहे हैं। इसी बीच वह शादी में शामिल लोगों के बीच हवाई फायर कर देते हैं। इस घटना की शिकायत पुलिस से नहीं की गई थी। पुलिस ने ‎शालिग्राम पर एससी-एसटी एक्टर में ‎मुकदमा दर्ज किया था। मामले पर धीरेंद्र शास्त्री ने कहा था- कानून निष्पक्षता और पारदर्शिता से इसकी जांच करे। हम कतई गलत के साथ नहीं हैं और हर विषय को हमसे न जोड़ा जाए। इस देश में संविधान है। जो करेगा, सो भरेगा। हम सत्य के साथ हैं।’ पढ़ें पूरी खबर… लेन-देन को लेकर मारपीट के आरोप लगे ​​​31 मई 2024 को ​​​​शालिग्राम गर्ग पर एक बार फिर मारपीट के आरोप लगे। सामने आए वीडियो में शालिग्राम गढ़ा गांव में ही जीतू तिवारी के घर के बाहर खड़े नजर आ रहे हैं। उनके साथी भी मौजूद हैं। वीडियो में दोनों पक्षों के बीच विवाद और गाली-गलौज सुनाई दे रही है। सूत्रों के मुताबिक, शालिग्राम गर्ग का जीतू तिवारी से लेनदेन को लेकर कुछ विवाद हुआ था। बात बढ़कर मारपीट तक पहुंच गई। पीड़ित पक्ष ने आरोप लगाया- शालिग्राम गर्ग हमारे घर पर रात में आए थे। इसके बाद दिन में लगभग 50 लोगों के साथ आए और उन्होंने हमारे परिवार के साथ मारपीट की। हमारे हाथ-पैर तोड़ दिए और हमारी छोटी-छोटी बच्चियों के साथ भी मारपीट की। इस मामले में पीड़ित पक्ष बमीठा थाने पहुंचा। बमीठा थाना प्रभारी पुष्पक शर्मा ने बताया था कि कार्यवाही की जा रही है। पूरी खबर पढ़ें… पं. धीरेंद्र शास्त्री के भाई ने टोलकर्मियों को पीटा
26 अप्रैल 2024 को बागेश्वर धाम के पीठाधीश्वर पंडित धीरेंद्र कृष्ण शास्त्री के भाई सौरव गर्ग उर्फ शालिग्राम शास्त्री ने छतरपुर में टोलकर्मियों से मारपीट की। टोल मांगने पर उसने अपने सहयोगियों के साथ हमला किया। पुलिस ने शालिग्राम शास्त्री समेत 10 के खिलाफ केस दर्ज किया। एसपी अगम जैन ने बताया कि शालिग्राम देर रात अपने साथियों के साथ किसी शादी समारोह में शामिल होने जा रहा था। इसी दौरान टोल प्लाजा पर उसकी गाड़ी को रोककर टोल मांगा गया, इस बात पर वो भड़क गया और मारपीट कर दी। पढ़ें पूरी खबर…

FacebookMastodonEmail

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *