मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे से दैनिक भास्कर एप पर मिलेगा। ‘शादी’ वाले गाने पर धीरेंद्र शास्त्री ने लगाए ठहाके
बाबा रामदेव और एक्टर राजपाल यादव के बाद अब एक नन्हे बुंदेली गायक ने भी पंडित धीरेंद्र शास्त्री को शादी के लिए छेड़ दिया। सागर जिले के गढ़ाकोटा निवासी रोशन पटेल नाम के बच्चे ने तंबूरा बजाते हुए पंडित धीरेंद्र शास्त्री के सामने बुंदेली गीत ‘नन्ना मोरो ब्याह करा दे रे… चाहे मिले उड़ीसा वारी…’ गाकर माहौल को खुशनुमा बना दिया। बच्चे का यह गीत सुनकर पंडित धीरेंद्र शास्त्री ठहाके लगाकर हंस पड़े। मंच पर मौजूद अन्य लोग भी खुद को हंसने से नहीं रोक पाए। दरअसल, पंडित धीरेंद्र शास्त्री की शादी को लेकर काफी समय से चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन अब तक विवाह तय नहीं हो पाया है। ऐसे में जब बच्चे ने यह गीत छेड़ा, तो माहौल कुछ अलग ही रंग में नजर आया। गौरतलब है कि हाल ही में राजस्थान के रामगंज मंडी में कथा के दौरान बाबा रामदेव ने मंच से पंडित धीरेंद्र शास्त्री को लेकर कहा था कि उन्होंने तो लड़की भी देख ली है। जडेजा की बॉल पर शिवराज सिंह ने घुमाया बल्ला
राजनीति के धुरंधर और केंद्रीय कृषि मंत्री शिवराज सिंह चौहान जब क्रिकेट के मैदान पर उतरे, तो ऐसा बल्ला घुमाया कि गेंद सीधा बाउंड्री के पार जा गिरी। शिवराज सिंह ने क्रिकेटर रवींद्र जडेजा की गेंद पर दमदार शॉट लगाया। मौका रायसेन में आयोजित सांसद खेल महोत्सव के समापन समारोह का था। इस कार्यक्रम में अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर रवींद्र जडेजा विशेष रूप से शामिल हुए। वहीं, विधानसभा अध्यक्ष नरेंद्र सिंह तोमर, मंत्री विश्वास सारंग और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल सहित कई जनप्रतिनिधि भी मंच पर मौजूद रहे। समापन समारोह को देखने करीब 10 हजार लोग पहुंचे। इससे पहले विदिशा में सांसद खेल महोत्सव के शुभारंभ अवसर पर भारतीय क्रिकेट टीम के पूर्व कप्तान कपिल देव को आमंत्रित किया गया था। अब लोग यह कहने लगे हैं कि भले ही शिवराज सिंह चौहान केंद्र की राजनीति में सक्रिय हों, लेकिन तस्वीरें बयां कर रही हैं कि मध्य प्रदेश में उनकी मौजूदगी और पकड़ आज भी उतनी ही मजबूत है। सीएम ने जमाई डिप्टी सीएम राजेंद्र शुक्ल की झांकी
मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव हाल ही में रीवा दौरे पर पहुंचे थे। यहां मंच से उन्होंने डिप्टी सीएम और स्थानीय विधायक राजेंद्र शुक्ल की जमकर तारीफ की। इसी दौरान मुख्यमंत्री की मौजूदगी में ही डिप्टी सीएम के समर्थकों ने राजेंद्र शुक्ल जिंदाबाद के नारे लगाने शुरू कर दिए, जिस पर खुद डिप्टी सीएम ने उन्हें इशारों में शांत कराया। मुख्यमंत्री ने मंच से कहा कि राजेंद्र शुक्ल उनके सबसे बेहतर काम करने वाले मंत्रियों में से एक हैं और उनके दिल-दिमाग में हमेशा रीवा ही बसा रहता है। इस पर भाजपा जिला अध्यक्ष ने तुरंत कहा- विंध्य भी। तब मुख्यमंत्री ने मुस्कुराते हुए रीवा के साथ विंध्य का नाम भी जोड़ दिया। भाजपा विधायक ने खोली अपनी ही सरकार की पोल
सिंगरौली जिले के देवसर से भाजपा विधायक राजेंद्र मेश्राम ने अपनी ही सरकार के विकास दावों पर सवाल खड़े कर दिए। उन्होंने कहा कि स्कूलों में शिक्षक नहीं मिलते और अस्पतालों में डॉक्टर नजर नहीं आते। ‘संपूर्णता अभियान 2.0’ कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधायक ने कहा कि कागजों पर दिखाया जा रहा विकास जमीन पर कहीं नजर नहीं आता। उन्होंने आंगनवाड़ियों की बदहाल स्थिति पर भी कड़ी नाराजगी जताई। विधायक ने कहा कि न मरीजों को दवाइयां मिल रही हैं और न ही बच्चों को सही पोषण। ऐसे में जिले के विकास की बातें महज दिखावा हैं। विधायक के इन बयानों के बाद मंच पर कुछ देर के लिए सन्नाटा छा गया और अधिकारी असहज नजर आए, जबकि मौजूद जनता ने तालियों के साथ उनका समर्थन किया। इनपुट सहयोग – देव शाक्य (रायसेन), अभिलाष मिश्रा (रीवा), राजकुमार द्विवेदी (सिंगरौली) ये भी पढ़ें –
एसपी साहब का शक्ति प्रदर्शन, नेताओं जैसा रोड शो; लेडी अफसर ने पूछे गांधी जी के विचार तो भड़के कांग्रेसी बड़वानी के एसपी जगदीश डावर के रिटायरमेंट पर ऐसा जुलूस निकाला गया, मानो किसी बड़े नेता का रोड शो हो। शहरभर में बैनर-पोस्टर लगाए गए और जगह-जगह उनका स्वागत किया गया। अब चर्चा यह है कि रिटायर्ड एसपी जगदीश डावर राजनीति में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। पूरी खबर पढ़ें


