सिक्किम की धुंध से ढकी पहाड़ियों और गहरी घाटियों के बीच 44.96 किलोमीटर लंबी सेवोक-रंगपो रेलवे परियोजना तेजी से आकार ले रही है। इस महत्वाकांक्षी परियोजना को दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया है। इसके पूरा होते ही सिक्किम को पहली बार रेलवे कनेक्टिविटी मिलेगी, जिससे राज्य देश के रेल नेटवर्क से सीधे जुड़ जाएगा। यह परियोजना न केवल परिवहन सुविधा बढ़ाएगी, बल्कि भारत की पूर्वोत्तर सीमा पर रणनीतिक और आर्थिक दृष्टि से भी महत्वपूर्ण साबित होगी। इससे व्यापार, पर्यटन और स्थानीय रोजगार को नई गति मिलेगी। मिन्तोकगांग में CM से छत्तीसगढ़ मीडिया दल की मुलाकात छत्तीसगढ़ मीडिया के 12 सदस्यीय प्रतिनिधिमंडल ने मिन्तोकगांग में मुख्यमंत्री प्रेम सिंह तामांग से मुलाकात की। इस दौरान मुख्यमंत्री ने राज्य सरकार की विकासात्मक पहलों और नीतियों की विस्तृत जानकारी साझा की। उन्होंने सिक्किम की शांत पारिस्थितिकी, व्यापक वन क्षेत्र और चीन, नेपाल व भूटान से लगती अंतरराष्ट्रीय सीमाओं के कारण राज्य के रणनीतिक महत्व पर प्रकाश डाला। ‘ग्रीन स्टेट’ मॉडल और ऑर्गेनिक खेती की सफलता मुख्यमंत्री ने कहा कि सिक्किम की पहचान आज देश के ‘हरित राज्य’ के रूप में मजबूत हुई है। राज्य में जैविक खेती (ऑर्गेनिक फार्मिंग) को बढ़ावा देने से किसानों की आय में वृद्धि हुई है और पर्यावरण संरक्षण को भी मजबूती मिली है। उन्होंने बताया कि सतत विकास और पर्यावरण संतुलन सरकार की प्राथमिकता में शामिल हैं। पीएम मोदी के नेतृत्व में बढ़ा जुड़ाव मुख्यमंत्री ने कहा कि, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में सिक्किम खुद को राष्ट्र से भावनात्मक और आध्यात्मिक रूप से अधिक जुड़ा हुआ महसूस करता है। केंद्र सरकार की समावेशी नीतियों और योजनाओं ने राज्य में अपनेपन की भावना को मजबूत किया है। ‘हर घर तिरंगा’ और ‘वंदे मातरम’ जैसे अभियानों ने एकता और राष्ट्रीय गौरव की भावना को नई ऊर्जा दी है। शिक्षा, स्वास्थ्य और पर्यटन पर विशेष फोकस मुख्यमंत्री ने स्वास्थ्य, शिक्षा, ग्रामीण विकास और पर्यटन क्षेत्र में चलाई जा रही प्रमुख योजनाओं की जानकारी दी। केंद्र और राज्य सरकार की योजनाओं के समन्वय से बुनियादी ढांचा विकास को गति मिली है। दिसंबर 2027 तक सेवोक-रंगपो रेलवे लाइन के पूरा होने के साथ सिक्किम विकास और कनेक्टिविटी के नए युग में प्रवेश करेगा।


