भास्कर न्यूज | कपूरथला दो दिन से मौसम में अचानक तबदीली आई और तापमान 3 डिग्री से बढ़ कर 5 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच गया। इसी प्रकार दिन का तापमान 2 डिग्री गिर गया। पूरा दिन बर्फीली हवाएं चलती रही। जिस कारण रात की तरह दिन में भी ठंड का एहसास होता रहा। वहीं धुंध भी प्रतिदिन की भांति छाई रही। परंतु विजिबिलिटी सामान्य होने से वाहन चालकों को दिक्कतों का सामना नहीं करना पड़ा। दूसरी तरफ एक्यूआई में सुधार नहीं हो रहा है। बल्कि शनिवार को सुबह का एक्यूआई 233 के आसपास था, जो देर सायं तक 203 से नहीं घटा। हालांकि प्रतिदिन एक्यूआई शाम के समय 135 व 155 के बीच हो जाता था। कपूरथला तथा आसपास के गांवों में धुंध लगातार गिर रही है। परंतु शनिवार को विजिबिलिटी सामान्य रही। जिस कारण वाहन चालकों ने राहत की सांस ली। वहीं लगातार दूसरे दिन न्यूनतम तापमान 5 डिग्री रहा। पूरा दिन बर्फीली हवाएं 5 से 7 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से चलती रही जो ठंड का एहसास करवा रही थी। वहीं शुक्रवार के मुकाबले तापमान 2 डिग्री गिर गया। गत 5 दिन से सूर्य और बादलों के बीच आंख मिचौली जारी है। शनिवार को भी पूरा दिन धुंधली धूप निकली। 5 दिन में एक बार भी तेज धूप नहीं निकली। आसमान में दिन व रात बादल छाए रहने से जमीन पर कोरे की परत भी नहीं जम रही है और ओस भी कम गिर रही है। जिस कारण फिलहाल दो दिन से कड़ाके की ठंड से कुछ राहत महसूस की जा रही है। वहीं एक्यूआई में सुधार नहीं हो रहा है। गत कई दिनों से 200 से ऊपर चल रहा है। जिस कारण बुजुर्गों, अस्थमा, नाक, गले के रोगियों को एक्यूआई न सुधरने से दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मौसम विभाग की मानें तो वीरवार तक आसमान में धूप के साथ बादल भी छाए रहेंगे। अगले सप्ताह बारिश के आसार है। वहीं न्यूनतम तापमान 4 से 5 डिग्री व अधिकतम तापमान 18 से 19 डिग्री रहने के आसार है।


